अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : देशभर में त्योहारों का मौसम शुरू हो चुका है। सितंबर खत्म होते ही नवरात्रि, दशहरा, दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों का दौर अक्टूबर में देखने को मिलेगा। इन अवसरों पर राष्ट्रीय अवकाश और अलग-अलग राज्यों की छुट्टियों के चलते बैंकिंग सेवाएं प्रभावित होंगी। ऐसे में यह जानना बेहद जरूरी है कि अक्टूबर 2025 में बैंक कब-कब बंद रहेंगे, ताकि किसी जरूरी काम में परेशानी न हो।
शुरुआत नवरात्रि और दशहरा से
1 अक्टूबर को नवरात्रि समाप्ति, महा नवमी, दशहरा और विजयादशमी के कारण अगरतला, भुवनेश्वर, चेन्नई, कोलकाता, लखनऊ, पटना और रांची समेत कई शहरों के बैंक बंद रहेंगे। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती और दशहरा की वजह से पूरे देश में बैंकिंग सेवाएं ठप रहेंगी।
दुर्गा पूजा और वाल्मीकि जयंती पर छुट्टियां
3 और 4 अक्टूबर को गंगटोक में दुर्गा पूजा के चलते बैंक बंद रहेंगे। वहीं 6 अक्टूबर को लक्ष्मी पूजा पर कोलकाता और अगरतला में बैंक बंद रहेंगे। 7 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती और कुमार पूर्णिमा पर बेंगलुरु, भुवनेश्वर, चंडीगढ़ और शिमला में अवकाश रहेगा।
करवा चौथ से दिवाली तक बैंक बंद
10 अक्टूबर को शिमला में करवा चौथ पर बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद 18 अक्टूबर को गुवाहाटी में कटि बिहु की छुट्टी होगी। 20 अक्टूबर को दिवाली, नरक चतुर्दशी और काली पूजा के कारण अहमदाबाद, दिल्ली, लखनऊ, कोलकाता और चेन्नई समेत 25 शहरों के बैंक बंद रहेंगे।
दिवाली के बाद भी छुट्टियों की भरमार
21 से 23 अक्टूबर के बीच दिवाली अमावस्या, गोवर्धन पूजा और भाई दूज के चलते अहमदाबाद, मुंबई, नागपुर, कानपुर, लखनऊ और शिमला समेत कई शहरों में बैंक बंद रहेंगे। वहीं 27 और 28 अक्टूबर को छठ पूजा के कारण पटना, रांची और कोलकाता में अवकाश रहेगा। 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती पर अहमदाबाद में बैंक बंद रहेंगे।
शनिवार और रविवार का अवकाश
इसके अलावा महीने के दूसरे और चौथे शनिवार (11 और 25 अक्टूबर) और हर रविवार (5, 12, 19, 26 अक्टूबर) को पूरे देश में बैंक बंद रहेंगे।
इसे भी पढ़ें : आवेदन की फीस 100 रुपए, सैलरी 80 हजार से ज्यादा… जानें डिटेल्स

