अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : नवरात्र के पावन मौके पर राज्य सरकार ने झारखंड मिल्क फेडरेशन से जुड़े करीब 60 हजार दुग्ध उत्पादकों को बड़ी सौगात दी है। सरकार ने अप्रैल 2025 से अगस्त 2025 तक की बकाया प्रोत्साहन राशि जारी कर दी है। पांच रुपये प्रति लीटर के हिसाब से कुल 16 करोड़ रुपये अब सीधे किसानों के बैंक खातों में पहुंचने वाले हैं। कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने बताया कि अप्रैल 2025 से अगस्त 2025 तक की लंबित प्रोत्साहन राशि जारी कर दी गई है। इसके लिए विभाग की ओर से कुल 16 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। यह राशि किसानों को प्रति लीटर पाँच रुपये के हिसाब से दी जाएगी और सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।
मंत्री ने जानकारी दी कि झारखंड मिल्क फेडरेशन फिलहाल प्रतिदिन 2.53 लाख लीटर दूध एकत्र कर रहा है। यह आंकड़ा राज्य में बढ़ती दुग्ध उत्पादन क्षमता और किसानों की मेहनत को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का मकसद दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। इससे किसान न केवल समृद्ध होंगे बल्कि आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी आगे बढ़ पाएंगे। मंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि दूध उत्पादन के क्षेत्र में लगातार हो रही प्रगति झारखंड को “श्वेत क्रांति” की ओर तेज़ी से ले जा रही है। गांवों के कई दुग्ध उत्पादकों ने भी राहत की सांस ली है। उनका कहना है कि यह प्रोत्साहन राशि पशुपालन पर होने वाले खर्च को पूरा करने और परिवार की आजीविका सुधारने में सहायक सिद्ध होगी।
इसे भी पढ़ें : ECI का मास्टर स्ट्रोक – 470 IAS, IPS और IRS तैनात होंगे बतौर ऑब्जर्वर

