अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Lohardaga : झारखंड के लोहरदगा जिले के पेशरार थाना क्षेत्र के केकरांग गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक ही परिवार के तीन लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान 47 वर्षीय लक्ष्मण नगेसिया, उनकी पत्नी 45 वर्षीय बिफनी नगेसिया और 9 वर्षीय बेटे रामविलास नगेसिया के रूप में हुई है।
पुलिस ने संभाली जांच
घटना की जानकारी मिलते ही किस्को एसडीपीओ वेदांत शंकर, थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों ने हत्या की पुष्टि तो की है, लेकिन अभी तक कारण साफ नहीं हो पाया है।
एक महिला बची, कमरे में बंद
जानकारी के मुताबिक, घटना के वक्त घर में चार लोग मौजूद थे। अज्ञात हमलावरों ने तीन लोगों की हत्या कर दी, जबकि एक महिला को कमरे में बंद कर दिया गया। कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था।
अंधविश्वास या रंजिश?
स्थानीय लोग इस हत्याकांड के पीछे डायन-बिसाही और अंधविश्वास को कारण मान रहे हैं। हालांकि पुलिस ने इन आशंकाओं की पुष्टि नहीं की है। फिलहाल, जांच के बाद ही असली वजह सामने आ पाएगी।
इलाके में दहशत का माहौल
इस वारदात के बाद केकरांग गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। लोग अलग-अलग तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि दोषियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : अपराधियों ने दंपति को बंधक बनाकर लूटे लाखों



