अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Palamu : कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा को शनिवार को पलामू के मेदिनीनगर सेंट्रल जेल से साहिबगंज मंडल कारा में शिफ्ट कर दिया गया। यह तबादला भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच किया गया। जेल आईजी के आदेश के बाद प्रशासन ने इसे उच्च प्राथमिकता पर अंजाम दिया। जेल आईजी ने पहले ही पलामू के डीसी, एसपी और जेल अधीक्षक को निर्देश जारी किए थे कि स्थानांतरण के दौरान कड़ी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। आदेश में स्पष्ट लिखा गया था कि “बंदी सुजीत सिन्हा को प्रशासनिक दृष्टिकोण से साहिबगंज मंडल कारा में स्थानांतरित करने की अनुमति दी जाती है।”
गिरोह के सक्रिय सदस्यों से बढ़ा था खतरा
मेदिनीनगर के रेड़मा का रहने वाला सुजीत सिन्हा झारखंड का कुख्यात अपराधी माना जाता है। उसके गिरोह के कई सदस्य अब भी सक्रिय हैं। इसी वजह से पलामू के डीआईजी और जेल अधीक्षक ने मुख्यालय को विधि-व्यवस्था से जुड़ी रिपोर्ट भेजी थी, जिसमें सुजीत को पलामू जेल से हटाने की सिफारिश की गई थी।
एनआईए भी कर रही जांच, कई जिलों में दर्ज हैं केस
सुजीत सिन्हा पर झारखंड के रांची, हजारीबाग, लातेहार, चतरा, रामगढ़ और पलामू समेत कई जिलों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) भी उसके मामलों की जांच कर रही है। इसी साल 10 अगस्त को उसे चाईबासा जेल से पलामू जेल लाया गया था, लेकिन सुरक्षा कारणों से अब फिर साहिबगंज जेल भेजा गया है।
इसे भी पढ़ें : स्वास्थ्य मंत्री के बेटे का चलती गाड़ी वाला वीडियो वायरल, डीसी ने दिये कार्रवाई के आदेश

