अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची का सदर अस्पताल जल्द ही एक नए रूप में नजर आएगा। जिला प्रशासन ने अस्पताल की सेवाओं को मजबूत करने और मरीजों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए बड़े सुधारों की रूपरेखा तैयार की है। सोमवार को डीसी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आयोजित जिला अस्पताल प्रबंधन समिति (गवर्निंग बॉडी) की बैठक में यह दिशा तय की गई। बैठक के दौरान डीसी मंजूनाथ भजन्त्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सदर अस्पताल की सेवाओं को सशक्त बनाना जिला प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी स्वीकृत प्रस्तावों को समयबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा ताकि रांची के नागरिकों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
पुराने फैसलों की समीक्षा और नए कदमों पर सहमति
बैठक में पिछली गवर्निंग बॉडी द्वारा लिए गए निर्णयों की समीक्षा की गई। कई बिंदुओं पर प्रगति की चर्चा हुई, जबकि कुछ नए प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। इन निर्णयों में अस्पताल के संचालन से लेकर मरीजों की सुविधा तक सब कुछ शामिल था।
मैनपावर और पारदर्शी भुगतान की व्यवस्था
अस्पताल में काम करने वाले कर्मचारियों की कमी लंबे समय से एक बड़ी समस्या रही है। इस पर समिति ने फैसला लिया कि आवश्यक मैनपावर अब आउटसोर्सिंग के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि आउटसोर्सिंग एजेंसी सभी कर्मियों का मानदेय सीधे उनके बैंक खातों में भेजे, ताकि किसी तरह की गड़बड़ी या देरी न हो।
अस्पताल की संरचना में बड़े सुधार की तैयारी
सदर अस्पताल में अब मरीजों के इंतजार के दौरान आराम और सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। बैठक में वेटिंग हॉल, शौचालय, पेयजल, बिजली, और बैठने की व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्णय लिए गए। मरीजों के लिए स्वच्छ वातावरण और सुविधाजनक ढांचा तैयार करना प्रशासन की प्राथमिकता बनी हुई है।
स्वच्छता और जनजागरूकता पर भी फोकस
उपायुक्त भजन्त्री ने अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर विशेष चिंता जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि अस्पताल परिसर की साफ-सफाई पर नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
साथ ही, जनता को सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देने के लिए प्रचार-प्रसार के माध्यमों का उपयोग करने पर भी जोर दिया गया।
जीवन रक्षक दवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित
बैठक में इस बात पर भी बल दिया गया कि जीवन रक्षक दवाओं की आपूर्ति किसी भी परिस्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए दवा भंडारण प्रणाली में पारदर्शिता लाने और निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया गया।
डिजिटल हेल्थ सिस्टम और आपातकालीन सेवाओं को मिलेगी नई रफ्तार
प्रबंधन समिति ने डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड और आईटी आधारित अस्पताल प्रबंधन प्रणाली को बेहतर करने की दिशा में भी कदम बढ़ाए हैं। साथ ही, आपातकालीन सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए जरूरी उपकरणों की खरीद जल्द शुरू करने का निर्णय लिया गया।
इसे भी पढ़ें : जहां-तहां से बाइक टपाने और खपाने में माहिर 15 चोर पुलिस के शिकंजे में

