अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Latehar : लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए TSPC यानी तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी के तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी नक्सली किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान हेरहंज निवासी प्रताप गंझू, छात्रा निवासी संतोष गंझू और अशोक गंझू के रूप में हुई है।
हथियार और गोलियां बरामद
पुलिस ने इन उग्रवादियों के पास से तीन पिस्तौल, 40 जिंदा गोलियां और कई अन्य सामान बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से इलाके में सक्रिय था और व्यापारियों को डरा-धमकाकर लेवी वसूली करता था।
गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी अभियान
डीएसपी विनोद रवानी ने मीडिया को बताया कि लातेहार एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि टीएसपीसी के कुछ सदस्य एक गाड़ी में सवार होकर बालूमाथ की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम बनाई गई और इलाके में नाकाबंदी कर दी गई।
भागने की कोशिश में पकड़े गए उग्रवादी
इसी दौरान एक कार वहां पहुंची। पुलिस को देखकर गाड़ी सवार लोग भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। पूछताछ में तीनों ने खुद को टीएसपीसी संगठन का सदस्य बताया। पुलिस ने बताया कि ये लोग कोयला कारोबारियों से लेवी वसूली के इरादे से क्षेत्र में आए थे। तीनों पर पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।
इसे भी पढ़ें : रांची जिला छठ पूजा समिति की नई कार्यकारिणी गठित, सूरजभान सिंह बने अध्यक्ष

