अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : एक प्लेट बिरयानी… उसमें निकली एक छोटी सी हड्डी… और बस, रेस्टोरेंट के मालिक की जिंदगी खत्म हो गई। यह कोई फिल्मी कहानी नहीं, बल्कि राजधानी रांची की सच्ची घटना है, जिसने पूरे शहर को हिला दिया है।
एक मामूली सी बात पर पर हो गया खून-खराबा
18 अक्टूबर की रात कांके रोड के सेफ चौपाटी रेस्टोरेंट में कुछ ग्राहक आए। उन्होंने वेज बिरयानी का ऑर्डर दिया। लेकिन खाने के दौरान बिरयानी में चिकन की एक छोटी हड्डी निकल आई। बस, बात यहीं से बिगड़ गई। नाराज ग्राहकों ने रेस्टोरेंट मालिक विजय नाग से बहस शुरू कर दी। कुछ ही मिनटों में यह बहस गाली-गलौज में बदली, और फिर चली गोली। विजय नाग वहीं गिर पड़े… जान चली गई और शहर में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने तीन संदेही गुनहगारों को दबोचा
घटना की सूचना मिलते ही रांची पुलिस सक्रिय हो गई। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पक ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने डीएसपी अमर पांडेय की देखरेख में विशेष टीम बनाई। जांच में सामने आया कि हत्या में प्रशांत कुमार सिंह, अभिषेक सिंह और हरेन्द्र सिंह शामिल थे।प्रशांत को पहले पकड़ा गया, फिर उसकी निशानदेही पर बाकी दोनों की तलाश शुरू हुई।
जब मुठभेड़ में घायल हुआ अभिषेक
19 अक्टूबर की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी अभिषेक सिंह अपनी गर्भवती पत्नी से मिलने रांची आने वाला है। डीएसपी अमर कुमार पांडे के नेतृत्व में टीम ने आईटीबीपी कैंप के पास नाकेबंदी की। जैसे ही अभिषेक की कार आई, पुलिस ने रुकने का इशारा किया। लेकिन उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई, और अभिषेक सिंह के दोनों पैर में गोली लगी। उसे रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से पुलिस ने पूछताछ की तो परत-दर-परत सच सामने आता गया।
हरेन्द्र के पास मिले हथियार और कैश
अभिषेक ने कबूल किया कि हथियार उसे हरेन्द्र सिंह ने मुहैया कराए थे। इसके बाद पुलिस ने पतरातू घाटी में एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान हरेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पुलिस ने दो पिस्टल, एक रायफल, एक देशी कट्टा, 26 गोलियां, दो मोबाइल और दो लाख चार हजार रुपये नकद बरामद किए। अभिषेक के पास से भी कार, पिस्टल और गोलियां मिलीं।
एक फरार, पुलिस की तलाश जारी
एसपी पुष्कर ने बताया कि चौथा आरोपी अमित ठाकुर अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि वह जल्द पकड़ा जाएगा।
इसे भी पढ़ें : राजधानी में एनका’उंटर : ‘चौपाटी’ संचालक ह’त्याकांड के मोस्ट वांटेड के पैरों में लगी गो’ली

