अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Samastipur : पीएम नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बिहार दौरे पर पहुंचे। उनका विमान दरभंगा एयरपोर्ट पर उतरा, जिसके बाद वह समस्तीपुर गए। यहां उन्होंने भारत रत्न और पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर को उनके गांव जाकर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पीएम मोदी ने उनके परिजनों से मुलाकात की और कहा कि कर्पूरी ठाकुर गरीबों और पिछड़ों के सच्चे हितैषी थे।
मैथिली में लोगों को किया नमन
पीएम मोदी ने जनसभा की शुरुआत मैथिली भाषा में लोगों को नमन कर की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के इस मौसम में इतनी बड़ी संख्या में आप सबका आना मेरे लिए बहुत बड़ी शक्ति है। पीएम ने कहा कि जंगलराज को बिहार दूर रखेगा। कल से छठी मैय्या के महापर्व का भी शुभारंभ होने जा रहा है। इस बार आपके मूड ने यह पक्का कर दिया है कि नई रफ्तार से चलेगा बिहार, तब भी आएगी एनडीए सरकार। उन्होंने जीएसटी बचत उत्सव और छठ महापर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
गरीबों की सेवा ही सच्चा सुशासन : मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार कर्पूरी ठाकुर की विचारधारा से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि गरीबों को पक्का घर, मुफ्त अनाज, मुफ्त इलाज, शौचालय और नल का जल देना ही असली सेवा है। मोदी ने कहा, “एनडीए सरकार ने सुशासन को गरीबों के कल्याण से जोड़ा है। हम दलित, पिछड़े और अति पिछड़े वर्गों के सम्मान के लिए समर्पित हैं।”
लालू परिवार पर जमकर बरसे पीएम मोदी
अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा, “यह लोग हजारों करोड़ के घोटालों में जमानत पर हैं। इन्होंने तो जननायक की उपाधि तक चोरी कर ली है।” मोदी ने कहा कि बिहार के लोग अब इन परिवारवादियों को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने भरोसा जताया कि एनडीए सरकार ही बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।
इसे भी पढ़ें : बिहार विस चुनाव का बिगुल : पीएम मोदी का ‘मिशन बिहार’ आज से शुरू



