अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur : पाकुड़ के विभिन्न गांवों और मोहल्लों में शनिवार को छठ महापर्व की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गईं। पूजा से एक दिन पहले श्रद्धालु महिलाओं ने कद्दू-भात बनाने की पारंपरिक परंपरा निभाई। इस मौके पर घर-आंगन में पवित्रता का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही महिलाएं घर और आंगन की सफाई में जुट गईं। इसके बाद रसोई में विशेष तैयारियों के साथ कद्दू की सब्जी, चने की दाल और शुद्ध अरवा चावल का भात पकाया गया। खाना पकाने में देशी घी और सेंधा नमक का उपयोग किया गया, ताकि व्रत की पवित्रता बनी रहे। कई गांवों और मोहल्लों में महिलाएं मिलकर कद्दू-भात तैयार कर परिवार और पड़ोसियों को प्रसाद रूप में बांटती नजर आईं। इससे न केवल सामूहिक उत्सव का अनुभव बढ़ा, बल्कि लोगों में भाईचारा और एकता का संदेश भी गया।
श्रद्धालुओं ने परंपरा अनुसार यह पहला सादा भोजन (नहाय-खाय) ग्रहण कर आगामी 36 घंटे के निर्जला उपवास की तैयारी की। इस दौरान महिलाएं और पुरुष दोनों ही शुद्धता और भक्ति के साथ पूजा की तैयारी में जुटे रहे। छठ महापर्व की यह परंपरा न केवल धार्मिक आस्था को दर्शाती है, बल्कि स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को भी जीवित रखती है।
इसे भी पढ़ें : नंबर प्लेट पर टेप सटा देख पुलिस ने रोका, फिर हुआ बड़े नेटवर्क का खुलासा

