अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री के जाने-माने अभिनेता सतीश शाह का 25 अक्टूबर दोपहर 2.30 बजे निधन हो गया। उनके मैनेजर ने इंडिया टुडे/आजतक से बातचीत में उनकी मौत की पुष्टि की। बताया गया कि सतीश शाह किडनी की बीमारी से जूझ रहे थे। उनका अंतिम संस्कार 26 अक्टूबर को किया जाएगा। फिलहाल उनका पार्थिव शरीर अस्पताल में ही रखा गया है।
सतीश शाह का जीवन और फिल्मी करियर
सतीश शाह का जन्म गुजरात के मांडवी में हुआ था। उन्होंने जेवियर कॉलेज से पढ़ाई के बाद फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया से अभिनय की शिक्षा ली। 1972 में उन्होंने डिजाइनर मधु शाह से शादी की। बॉलीवुड में सतीश ने अपनी शुरुआत फिल्म ‘भगवान परशुराम’ से की थी। इसके बाद वे ‘अरविंद देसाई की अजीब दास्तान’, ‘गमन’, ‘उमराव जान’, ‘शक्ति’, ‘जाने भी दो यारों’ और ‘विक्रम बेताल’ जैसी फिल्मों में नजर आए।
टीवी में बेमिसाल योगदान
हालांकि सतीश शाह टीवी में अपने बेमिसाल अभिनय के लिए जाने जाते हैं। 1984 में आए सिटकॉम ‘ये जो है जिंदगी’ में उन्होंने 55 एपिसोड में 55 अलग किरदार निभाए। इसके बाद 1995 में ‘फिल्मी चक्कर’ और फिर लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ में उन्होंने इंद्रवदन साराभाई का किरदार निभाया। उनकी जोड़ी रत्ना पाठक शाह के साथ दर्शकों को बेहद पसंद आई।
इंडस्ट्री में शोक
सतीश शाह का निधन बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री के लिए बड़ा झटका है। अभी इंडस्ट्री पीयूष पांडे के निधन से उबर ही रही थी कि सतीश शाह के अचानक चले जाने से सभी का दिल भारी है। सोशल मीडिया पर उनके शो और क्लिप्स आज भी वायरल होते रहते हैं।
इसे भी पढ़ें : बंगाल की खाड़ी में उठ रहा तूफान, इन दो राज्यों के तट पर बढ़ा खतरा

