अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान राजनीतिक पार्टियों में हलचल तेज हो गई है। बीजेपी, आरजेडी, जेडीयू और हम ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल नेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है।
बीजेपी ने उजियारपुर से एनडीए उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव लड़ रहे अपने पूर्व जिलाध्यक्ष उपेंद्र कुमार कुशवाहा को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया। पार्टी ने साफ कहा है कि अनुशासन तोड़ने वालों के लिए कोई जगह नहीं है।

वहीं, आरजेडी ने भी सख्त कदम उठाते हुए विधायक फतेह बहादुर सिंह समेत 11 नेताओं को पार्टी से 6 साल के लिए बाहर कर दिया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने दोहराया है कि पार्टी विरोधी रवैया किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कुछ दिन पहले आरजेडी ने दो विधायकों और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ऋतु जायसवाल समेत 27 नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाया था। आज की कार्रवाई के बाद अब तक पार्टी 38 बागी नेताओं को निष्कासित कर चुकी है।
इसी तरह, जेडीयू और जीतन राम मांझी की हम पार्टी ने भी हाल में अपने कई असंतुष्ट नेताओं पर कार्रवाई की है।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि टिकट बंटवारे के बाद से बढ़ी आंतरिक नाराज़गी को नियंत्रित करने और चुनावी एकजुटता बनाए रखने के लिए सभी दलों ने यह सख्ती अपनाई है।



