अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार विधानसभा चुनाव को देखते हुए सोशल मीडिया पर आदर्श आचार संहिता उल्लंघन की कड़ी निगरानी की जा रही है। बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) की सोशल मीडिया पेट्रोलिंग सेल 24 घंटे सक्रिय है। शिकायतों के आधार पर राजद, भाजपा, कांग्रेस सहित 25 सोशल मीडिया हैंडल्स पर आपत्तिजनक, भ्रामक और भड़काऊ पोस्ट के लिए 21 FIR दर्ज की गई हैं।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अधिकारियों ने दी जानकारी
ईओयू के एडीजी नैयर हसनैन खान और डीआईजी मानवजीत सिंह ढिल्लन ने प्रेस वार्ता में बताया कि चुनाव घोषणा के बाद 67 आपत्तिजनक लिंक की शिकायत पर कार्रवाई हुई। इन पर आचार संहिता उल्लंघन, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम और आईटी एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं। जांच ईओयू और जिलों के स्तर पर चल रही है।
चार यूट्यूब चैनलों पर भड़काऊ गीत, FIR दर्ज
डीआईजी ढिल्लन ने कहा कि चार यूट्यूब चैनलों पर समुदायों में भय, वैमनस्य और विद्वेष फैलाने वाली सामग्री मिली। इन चैनलों पर FIR दर्ज की गई। अब तक 184 आपत्तिजनक पोस्ट या हैंडल्स को एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब आदि प्लेटफॉर्म्स से नोटिस देकर हटवाया या लॉक कराया गया है।
AI फेक वीडियो के लिए अलग डेस्क
इस चुनाव में AI से बने फेक वीडियो और डीपफेक कंटेंट के मामले बढ़े हैं। इनकी जांच के लिए अलग डेस्क बनाई गई है। अब तक 117 ऐसे पोस्ट हटाए गए और 6 FIR दर्ज हुईं। आपत्तिजनक चैनलों को ब्लॉक करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है।
145 हैंडल्स पर लगातार नजर
145 सोशल मीडिया हैंडल्स या प्रोफाइल की पहचान कर निगरानी की जा रही है। इनमें 40 एक्स हैंडल्स, 28 यूट्यूब चैनल्स, डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और 77 अन्य प्रोफाइल शामिल हैं।
7 साइबर अपराधी गिरफ्तार, 249 मोबाइल ब्लॉक
एडीजी खान ने बताया कि अक्टूबर में अब तक 7 कुख्यात साइबर अपराधी (कुल 171) गिरफ्तार किए गए। साथ ही 249 मोबाइल नंबर ब्लॉक किए गए। जिलों से भी सिम ब्लॉकिंग की प्रक्रिया चल रही है।
म्यूल बैंक खातों पर कार्रवाई
अगस्त में 199 म्यूल बैंक खातों को संदिग्ध पाया गया। इनकी जानकारी जांच एजेंसियों को सौंपी गई है।
इसे भी पढ़ें : 20 सालों में कितना बदला बिहार, CM नीतीश ने जारी किया लेखा-जोखा



