अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मोकामा में जन सुराज पार्टी समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में चुनाव आयोग (ECI) ने कड़ा कदम उठाया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बाढ़ और मोकामा से तीन अधिकारियों का तत्काल तबादला किया गया है, जबकि एक अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। स्थानीय SP को भी बदल दिया गया है। आयोग ने बिहार के DGP विनय कुमार से 12 बजे तक पूरी कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी है।

चुनाव आयोग के आदेश के अनुसार, बाढ़ के एसडीओ और मोकामा विधानसभा सीट के रिटर्निंग ऑफिसर चंदन कुमार को हटा दिया गया है। उनकी जगह IAS अधिकारी आशीष कुमार को नई जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा SDPO बाढ़-1 राकेश कुमार और SDPO बाढ़-2 अभिषेक सिंह को भी हटाया गया है और उनकी जगह 2022 बैच के अधिकारी आनंद कुमार सिंह और आयुष श्रीवास्तव को नियुक्त किया गया है। आयोग ने हटाए गए अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश भी दिए हैं।
मामले की जानकारी देते हुए पटना रूरल SP ने बताया कि घोसवारी और भदौर थानों के SHO पहले ही निलंबित किए जा चुके हैं। मोकामा में यह घटना 30 अक्टूबर को हुई थी, जब चुनाव प्रचार के दौरान दो गुटों में झड़प हुई। इस दौरान गोलीबारी में जन सुराज पार्टी के समर्थक दुलारचंद यादव की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में तीन प्राथमिकी दर्ज की हैं और दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण कार्डियोरेस्पिरेटरी फेलियर बताया गया है।
मोकामा विधानसभा क्षेत्र में पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होना है। यहां अनंत सिंह और वीणा देवी के बीच कड़ा मुकाबला है। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने इस घटना को लोकतंत्र पर हमला बताते हुए कहा कि बिहार में ‘जंगल राज’ लौट आया है।
इसे भी पढ़ें : लालू यादव का हैलोवीन मनाते वीडियो वायरल, BJP ने लिया आड़े हाथ

