अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Bahraich : बहराइच में भेड़ियों का खौफ लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार सुबह डेढ़ साल की बच्ची अपनी मां के बगल में सो रही थी, तभी एक भेड़िए ने उसे उठा लिया। जैसे ही बच्ची भेड़िए के जबड़े में फँसी, उसने चीख मारी। मां की नींद खुल गई और उसने शोर मचाया।
परिजन और ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर दौड़े, लेकिन भेड़िया बच्ची को लेकर जंगल की ओर भाग गया। घर से करीब 200 मीटर दूर मांस के टुकड़े और खून के धब्बे मिले, लेकिन बच्ची का शव अभी तक नहीं मिला है।
पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है। बच्ची की तलाश ड्रोन सर्विलांस और डॉग स्क्वॉड की मदद से की जा रही है।
इस साल बहराइच में भेड़ियों के झुंड ने 6 लोगों की जान ली और 30 लोग घायल हुए हैं। वन विभाग के मुताबिक, कुल चार भेड़िए हमले कर रहे थे। इनमें से दो को मार गिराया गया, तीसरा घायल है और चौथा अभी तक ट्रेस नहीं हुआ। माना जा रहा है कि यही चौथा भेड़िया बच्ची पर हमला करने वाला है।
वन क्षेत्राधिकारी ने कहा कि क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों से अपील की गई कि बच्चे घर से बाहर न निकलें और किसी भी संदिग्ध हरकत की तुरंत पुलिस या वन विभाग को सूचना दें। उन्होंने साफ कहा कि भेड़िए को किसी भी हालत में नहीं छोड़ा जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, 17 दिन पहले (15 अक्टूबर) वन विभाग के शूटर ने आदमखोर भेड़िए को मार गिराया था। उस भेड़िए ने पहले महिला और दो बच्चों पर हमला किया था। डीएफओ गाजीपुर अजीत सिंह और टीम ने उसे घेरने का प्रयास किया, लेकिन पकड़ने में असफल रहे। इसके बाद सुबह चार बजे शूटर ने उसे गोली मारकर खत्म कर दिया।

