अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्य पुलिस पर लगाए गए आरोपों को लेकर झामुमो ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी के महासचिव विनोद पांडेय ने कहा कि मरांडी जी की बयानबाज़ी बौखलाहट और निराधार आरोपों का पुलिंदा है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपने कार्यकाल में भ्रष्टाचार और जनविरोधी फैसलों के प्रतीक रहे हों, उन्हें आज नैतिकता की बातें करना शोभा नहीं देता।
‘हेमंत सरकार पारदर्शी और जनहित में काम कर रही है’
विनोद पांडेय ने कहा कि झारखंड की जनता जानती है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार पारदर्शिता और संवैधानिक व्यवस्था के प्रति समर्पित है। यहां किसी पर कार्रवाई तथ्यों और सबूतों के आधार पर होती है, न कि राजनीतिक दुर्भावना से। उन्होंने कहा कि भाजपा अब विपक्ष की भूमिका निभाने के बजाय झूठ और अफवाह की राजनीति कर रही है।
‘भाजपा राज में पुलिस बनी थी डराने का औज़ार’
पांडेय ने कहा कि भाजपा शासनकाल में पुलिस तंत्र को विपक्ष और सामाजिक कार्यकर्ताओं को डराने के औज़ार के रूप में इस्तेमाल किया गया। निर्दोष आदिवासियों पर झूठे मुकदमे दर्ज किए गए, लेकिन आज की सरकार में कानून निष्पक्ष रूप से काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब जांच एजेंसियां स्वतंत्र रूप से काम कर रही हैं तो भाजपा नेताओं को परेशानी हो रही है।
‘भ्रष्टाचार पर हेमंत सरकार का सख्त रुख’
महासचिव पांडेय ने बताया कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार या सत्ता के दुरुपयोग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर कोई अधिकारी दोषी पाया जाता है तो जांच और कार्रवाई दोनों होगी, लेकिन भाजपा की तरह फर्जी मुकदमे दर्ज नहीं किए जाएंगे।
‘भाजपा झूठ के सहारे राजनीति कर रही है’
प्रवक्ता ने कहा कि मरांडी जी को जनता के असली मुद्दों पर बोलना चाहिए, न कि अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए झूठे आरोपों का सहारा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार जनता के विश्वास से बनी है और उसी भरोसे पर खड़ी है, जबकि भाजपा अब सिर्फ झूठ और अफवाह के सहारे राजनीति कर रही है।
इसे भी पढ़ें : “कुछ अफसर कानून को जेब में रखे बैठे हैं”… बाबूलाल का झारखंड सरकार पर तीखा वार

