अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार विधानसभा सत्र के दूसरे दिन गया टाउन के भाजपा विधायक डॉ प्रेम कुमार ने अध्यक्ष पद की कमान संभाल ली। सोमवार को उन्होंने नामांकन किया था और उनके खिलाफ किसी ने पर्चा दाखिल नहीं किया। इसी वजह से उन्हें निर्विरोध स्पीकर चुना गया। उनके निर्वाचन के दौरान सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, संजय सरावगी और श्रवण कुमार प्रस्तावक बने। सीएम नीतीश कुमार, दोनों डिप्टी सीएम, तेजस्वी यादव समेत सभी विधायकों ने उन्हें बधाई दी। कार्यभार संभालने के बाद सदन को बुधवार सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दिया गया।
माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी ने नवनिर्वाचित बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार से शिष्टाचार मुलाकात कर बधाई दी एवं उनका अभिनंदन किया।@NitishKumar @DrPremKrBihar pic.twitter.com/2OX3Fgkrq7
— IPRD Bihar (@IPRDBihar) December 2, 2025
AIMIM का बयान और पंच परमेश्वर का जिक्र
AIMIM प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान ने प्रेम कुमार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष की संख्या अधिक है इसलिए न्याय में किसी तरह का पक्षपात नहीं होना चाहिए। इस दौरान उन्होंने प्रेमचंद की कहानी पंच परमेश्वर का जिक्र भी किया।
अनंत सिंह पर नजर, कई विधायकों ने ली शपथ
जदयू विधायक अनंत सिंह आज भी सदन नहीं पहुंचे। वह जेल में हैं और शपथ अब तक नहीं ले पाए हैं। पहले दिन छह विधायकों की शपथ pending थी जिसमें से मदन सहनी, जीवेश मिश्रा, विनय बिहारी और केदार सिंह ने आज शपथ ली। विनय बिहारी ने शपथ लेने से पहले भोजपुरी में कविता पढ़नी शुरू कर दी। प्रोटेम स्पीकर ने रोका तो उन्होंने कहा कि भोजपुरी गीतों ने ही उन्हें यहां तक पहुंचाया है। इसके बाद जीवेश मिश्रा ने संस्कृत में शपथ ली।
पहले दिन कौन उपस्थित नहीं था
पहले दिन 237 नवनिर्वाचित सदस्य शपथ ले चुके थे। एनडीए के अनंत सिंह, अमरेंद्र पांडेय, मदन सहनी, जीवेश कुमार, केदार सिंह और विनय बिहारी नहीं पहुंचे थे। चार विधायक स्वास्थ्य कारणों से अनुपस्थित थे जबकि अमरेंद्र पांडेय अपने भतीजे के इलाज के लिए दिल्ली में थे। प्रोटेम स्पीकर नरेंद्र नारायण यादव शपथ दिला रहे थे इसलिए उन्होंने खुद शपथ आज ली।
नामांकन के बाद डॉ प्रेम कुमार का बयान
नामांकन के बाद डॉ प्रेम कुमार ने कहा कि एनडीए और पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है। उन्होंने जनता का धन्यवाद किया और कहा कि नवीं बार विधायक बनने का अवसर मिला है। उन्होंने शपथ ले चुके और बाकी सभी विधायकों को शुभकामनाएं दीं।
इसे भी पढ़ें : शादी में गया परिवार लौटा, तो घर का नजारा देख रह गया हैरान



