अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Munger : मुंगेर जिले के आरडी एंड डीजे कॉलेज में एक ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने सभी को हैरान भी किया और प्रेरित भी किया। नई दुल्हन संजना शर्मा शादी के तुरंत बाद अपनी एलएलबी चौथे सेमेस्टर की परीक्षा देने कॉलेज पहुंच गईं। बांका जिले के राजगृह बुद्ध कॉलोनी की रहने वाली संजना शर्मा की शादी पटना के खुसरूपुर निवासी सत्य प्रकाश शर्मा से सोमवार को पूरे रीति रिवाज के साथ हुई थी। विदाई के बाद संजना सीधे ससुराल जाने के बजाय परीक्षा देने कॉलेज पहुंचीं।
परीक्षा के बाद ससुराल रवाना
मंगलवार सुबह 10 बजे से 1 बजे तक उनका पेपर था। परीक्षा पूरी करने के बाद वे अपने पति सत्य प्रकाश के साथ पटना ससुराल के लिए रवाना हुईं। आज वहां उनका रिसेप्शन आयोजित है।
परिवार ने दिया पूरा सहयोग
संजना के पिता मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि बेटी की पढ़ाई को देखते हुए ससुराल पक्ष ने भी पूरा सम्मान दिया और पहले उसे परीक्षा दिलवाई गई। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि बेटी ऐसे घर में गई जहां उसकी प्राथमिकता समझी गई।
कॉलेज प्रशासन ने की तारीफ
कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. बिजेंद्र कुमार ने कहा कि संजना ने महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं घर की जिम्मेदारियों के साथ पढ़ाई और करियर भी संभाल रही हैं।
संजना कर रही हैं दो कोर्स की पढ़ाई
संजना एमए इंग्लिश ऑनर्स की छात्रा हैं और साथ ही एलएलबी की पढ़ाई भी कर रही हैं। उनके पति सत्य प्रकाश सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। शादी की रस्में 30 नवंबर को हल्दी और 1 दिसंबर को मंडप पूजन व विवाह के साथ संपन्न हुईं।
इसे भी पढ़ें : अगले पांच रोज तेजी से बढ़ेगा ठंड, धुंध भी करेगा परेशान

