अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि अगर इरादें नेक हों तो हर चीजें बेहतर होती है। इसी का परिणाम है है जेएसएससी की संयुक्त स्नातक स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा के रिजल्ट और नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़ी सारी अड़चनें अब दूर हो चुकी है। हालांकि, इसमें थोड़ा विलंब हुआ, नहीं तो राज्य सरकार की पहली वर्षगांठ पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में आपके हाथों में भी नियुक्ति पत्र देने की खुशियां हम सभी मनाते। लेकिन, आप सभी को लंबे संघर्ष के बाद मिली सफलता और विजयी होने के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं। सीएम हेमंत ने यह बातें JSSC CGL के सफल अभ्यर्थियों से कही। सीजीएल रिजल्ट जारी कर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने के झारखंड हाई कोर्ट द्वारा दिए गए आदेश के बाद ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाते सैकड़ों अभ्यर्थी मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय पहुंचे थे।
हाई कोर्ट के आदेश के बाद अभ्यर्थियों का मुख्यमंत्री आवास में जुटान
अदालत के फैसले के तुरंत बाद सैकड़ों अभ्यर्थी ढोल नगाड़ों के साथ मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन को धन्यवाद दिया। अभ्यर्थियों ने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद मिली यह जीत उनके लिए बड़ी राहत है।

सीएम ने कहा- विरोधियों ने बाधा डालने की कोशिश की
सीएम हेमंत ने कहा कि कुछ तत्व हर प्रतियोगी परीक्षा को बाधित करने की कोशिश करते हैं। जेएसएससी सीजीएल परीक्षा के मामले में भी ऐसा ही हुआ। पूरी साजिश का सच सामने आए, इसके लिए सरकार ने जांच को पूरी तरह स्वतंत्र रखा। दोषी पाए गए लोगों पर कार्रवाई भी की गई।

18 साल की तुलना में 5 साल में ज्यादा परीक्षाएं
सीएम ने कहा कि जेपीएससी ने 18 साल में जितनी परीक्षाएं लीं, उतनी परीक्षाएं राज्य सरकार ने केवल 5 साल में कराई। उन्होंने कहा कि पहले की कई परीक्षाओं पर धांधली के आरोप लगे थे, जबकि उनकी सरकार में हुई परीक्षाएं बेदाग रहीं।
युवाओं को खुश देखना ही सरकार का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य तभी आगे बढ़ेगा जब युवा खुश होंगे। इसी सोच के साथ सरकार युवाओं के लिए अवसर बढ़ाने में जुटी है। उन्होंने अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता उनके धैर्य और मेहनत का परिणाम है।

अभ्यर्थियों ने जताया आभार
अभ्यर्थियों ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की वजह से ही उन्हें न्याय मिल सका। उन्होंने कहा कि संघर्ष लंबा था, लेकिन सरकार की भूमिका ने उन्हें मजबूत सहारा दिया।

इसे भी पढ़ें : “युवा सपनों को पंख देने वाली अबुआ सरकार, आपका आभार”… जानें



