अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची में झारखंड लोक क्रांतिकारी मोर्चा के अध्यक्ष और विधायक जयराम महतो उर्फ ‘टाइगर’ ने कहा कि झामुमो और भाजपा की सरकार पहले भी बन चुकी है। उन्होंने याद दिलाया कि भाजपा शासन में हेमंत सोरेन उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं, इसलिए अगर दोनों दल फिर साथ आते हैं तो इसे अप्रत्याशित नहीं कहा जा सकता। उनके बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
हेमंत और कल्पना सोरेन के दिल्ली दौरे पर उठे सवाल
टाइगर जयराम महतो ने विधानसभा भवन के बाहर कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन लगातार चार दिनों से दिल्ली में हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब दोनों ही जनप्रतिनिधि दिल्ली में रहेंगे, तो राज्य में जनता की समस्याओं का समाधान कौन करेगा। उन्होंने कहा कि इसी वजह से लोग दोनों दलों की संभावित निकटता को लेकर अनुमान लगा रहे हैं।
फंड संकट और रुकी योजनाओं पर चिंता
विधायक जयराम महतो ने राज्य की वित्तीय स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए। उनका कहना है कि छात्रवृत्ति, मंईंया सम्मान योजना जैसी कई योजनाएं फंड की कमी के कारण रुकी हुई हैं। इससे विकास कार्य लगभग ठप हो गए हैं। उन्होंने इसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार और केंद्र सरकार दोनों पर डाली।
केंद्रांश जारी होने में देरी का असर जनता पर
जयराम महतो ने कहा कि केंद्रांश राशि समय पर नहीं मिलने से राज्य अपने विकास कार्य पूरे नहीं कर पा रहा है। इसका सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है, जो योजनाओं और सुविधाओं के इंतजार में हैं।
इसे भी पढ़ें : ‘वीरों की विरासत, स्वाभिमान का प्रतीक…’ आदिवासी प्रतिनिधियों से क्या बोल गये सीएम हेमंत… जानें



