अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
News Samvad : इंडिगो की लगातार रद्द हो रही उड़ानों ने यात्रियों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। देशभर में फंसे यात्री अब अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए रेलवे पर निर्भर हो रहे हैं। इसके चलते दिल्ली से विभिन्न प्रमुख शहरों के लिए चलने वाली ट्रेनों में टिकटों की मांग अचानक बढ़ गई है।
ट्रेनों की मांग में भारी उछाल, स्टेशन पर असामान्य भीड़
700 से 1000 किलोमीटर की दूरी तय करने वाले यात्रियों ने फ्लाइट के बजाय ट्रेन को अपना प्राथमिक विकल्प बनाना शुरू कर दिया है। दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक भीड़ देखी जा रही है। कोलकाता, मुंबई, जयपुर, इंदौर, अहमदाबाद, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, जम्मू और श्रीनगर जैसे रूट्स पर ट्रेनों में दबाव अचानक बढ़ गया है।
उधर, बस ऑपरेटरों ने भी किराए 10 गुना तक बढ़ा दिए हैं, जिससे यात्रियों पर आर्थिक बोझ और बढ़ गया है।
रेलवे ने युद्धस्तर पर किया प्रबंधन, बढ़ाए अतिरिक्त कोच
इंडिगो संकट को देखते हुए रेलवे ने 5 दिसंबर 2025 से चार व्यस्त प्रीमियम ट्रेनों में स्थायी रूप से अतिरिक्त कोच लगाने की घोषणा की है। इससे दिल्ली–जम्मू, दिल्ली–डिब्रूगढ़, दिल्ली–चंडीगढ़ और दिल्ली–अमृतसर रूट्स पर यात्रा कर रहे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
जम्मू तवी राजधानी (12425/26) में एक अतिरिक्त थर्ड एसी कोच जोड़ा गया।
डिब्रूगढ़ राजधानी (12423/24) में भी एक थर्ड एसी कोच बढ़ाया गया।
चंडीगढ़ शताब्दी (12045/46) में एक अतिरिक्त चेयर कार शामिल की गई।
अमृतसर शताब्दी (12029/30) में भी एक चेयर कार बढ़ाई गई।
वेटिंग लिस्ट में उछाल, अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती
ओवरनाइट ट्रेनों में सीटें लगभग भर चुकी हैं, जिसके चलते भारी संख्या में यात्री वेटिंग लिस्ट में जा रहे हैं। प्लेटफॉर्म पर भीड़ बढ़ने के कारण रेलवे प्रशासन ने अतिरिक्त स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे पहले से योजना बनाकर टिकट बुक करें और भीड़-भाड़ वाले समय से बचें।
इसे भी पढ़ें : FDTL नियम से पैदा हुआ बड़ा बवाल, इंडिगो पर सरकार की बड़ी कार्रवाई शुरू



