अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने शुक्रवार को एक अणे मार्ग स्थित संकल्प में खरीफ विपणन वर्ष 2025–26 के लिए धान अधिप्राप्ति व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसानों को खरीद के दौरान कोई दिक्कत न हो और पूरे काम पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
धान का MSP और खरीद अवधि तय
बैठक में खाद्य और उपभोक्ता संरक्षण विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार ने प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सामान्य ग्रेड के धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2369 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड ए धान का मूल्य 2389 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है।
धान अधिप्राप्ति 1 नवंबर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक चलेगी।
धान खरीद का लक्ष्य 36.85 लाख मीट्रिक टन
अधिकारियों ने बताया कि चरणबद्ध तरीके से सभी जिलों में धान खरीद प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। इस बार सरकार ने 36.85 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया है। राज्य में उसना चावल मिलों की संख्या बढ़कर 396 हो गई है, जिससे प्रसंस्करण क्षमता में बढ़ोतरी हुई है।
किसानों को सुविधा देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभाग मिलकर काम करें। उन्होंने कहा कि धान खरीद से जुड़ी किसी भी गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी और पूरे काम को तेजी से पूरा किया जाए।
वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया हिस्सा
बैठक में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह, सहकारिता मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार सहित कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
इसे भी पढ़ें : सम्राट चौधरी की हाईलेवल समीक्षा, बिहार की सुरक्षा व्यवस्था पर सख्त निर्देश

