अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : इस बार भारी जनादेश मिलने के बाद बिहार में नीतीश कुमार की अगुवाई वाली एनडीए सरकार ने अपने कार्यकाल की प्राथमिकता स्पष्ट कर दी है। सरकार का कहना है कि आने वाले पांच वर्ष पूरी तरह औद्योगीकरण और निवेश को समर्पित रहेंगे ताकि रोजगार के अधिक अवसर तैयार किए जा सकें।
50 लाख करोड़ रुपये निवेश आकर्षित करने की तैयारी
राज्य सरकार ने अगले पांच साल में 50 लाख करोड़ रुपये निवेश लाने का बड़ा लक्ष्य रखा है। उद्योग विभाग लगातार निवेशकों से मीटिंग कर रहा है। कई बड़े औद्योगिक समूहों ने बिहार में प्लांट बनाने की इच्छा जताई है, जिससे राज्य के आर्थिक विकास को नई गति मिल सकती है।
BISF: उद्योग सुरक्षा के लिए नया बल
उद्योग मंत्री और बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया कि उद्योगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बिहार इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (BISF) बनाई जाएगी। यह बल केंद्र की CISF की तरह काम करेगा।
उन्होंने कहा,
“BISF बनते ही निवेशकों का भरोसा और बढ़ेगा और बिहार उद्योग के लिए सुरक्षित राज्य बन जाएगा।”
5 मेगा फूड पार्क और 110 इंडस्ट्रियल जोन का विकास
सरकारी योजना के अनुसार:
5 नए मेगा फूड पार्क तैयार किए जाएंगे
आधुनिक कोल्ड चेन और लॉजिस्टिक्स सुविधाएं जोड़ी जाएंगी
10 बड़े औद्योगिक पार्क और 100 MSME पार्क विकसित किए जाएंगे
हर जिले में MSME केंद्र खोले जाएंगे और अलग से MSME निदेशालय बनाया जाएगा
ये सभी प्रयास स्थानीय उद्योगों को मजबूत आधार देने में मदद करेंगे।
7 लाख युवाओं को मिलेगा स्किल ट्रेनिंग
रोजगार के लिए युवाओं को तैयार करने पर भी सरकार जोर दे रही है। अगले पांच वर्षों में 7 लाख युवाओं को उद्योग-संबंधित कौशल और उद्यमिता का प्रशिक्षण दिया जाएगा। नए ट्रेनिंग सेंटर स्थापित होंगे और पुराने संस्थानों को आधुनिक बनाया जाएगा।
ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में टॉप-5 में आने का लक्ष्य
सरकार का उद्देश्य है कि बिहार देश के टॉप-5 बिजनेस फ्रेंडली राज्यों में शामिल हो। सिंगल विंडो सिस्टम को और सशक्त किया जा रहा है ताकि उद्योगों को अनुमोदन में समय न लगे। स्थानीय उत्पादों के निर्यात के लिए नई नीति भी लाई जा रही है।
निवेशकों का भरोसा बढ़ा, कहां उद्योग मंत्री
उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि नई सरकार बनने के बाद निवेशकों में उत्साह बढ़ा है। BISF के बनने से सुरक्षा का भरोसा मजबूत होगा और निवेश में तेजी आएगी। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्य को तेजी से बढ़ता औद्योगिक केंद्र बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : DLSA बना ‘ऑक्सीजन’, दम तोड़ते 51 रिश्तों में फूंक डाला नयी जान

