अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : बिहार के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य की ट्रैफिक व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने कहा कि पूरे बिहार में यातायात को सुचारू करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जाम की समस्या को कम करने के लिए अब सख्त कदम उठाए जाएंगे।
ट्रैफिक पुलिस को मिलेगी ट्रेनिंग और बढ़ेगी संख्या
बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री ने राज्य में ट्रैफिक ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट बनाने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन के लिए प्रशिक्षित पुलिस बल जरूरी है। इसी कारण ट्रैफिक पुलिस की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि ट्रैफिक नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। अवैध पार्किंग पर रोक लगाने के लिए विभागीय क्रेन के साथ निजी क्रेन का उपयोग भी बढ़ाया जाएगा।
कमांड एंड कंट्रोल सेंटर और CCTV कैमरों का विस्तार
सम्राट चौधरी ने बताया कि रेलवे जंक्शन, व्यस्त चौराहों और भीड़ वाले इलाकों में कमांड एंड कंट्रोल सेंटर स्थापित किए जाएंगे। इसके जरिए ट्रैफिक की निगरानी रीयल टाइम में हो सकेगी और जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पंचायतों, नगर निकायों और शहरों में CCTV कैमरे लगाने का निर्देश दिया। शहर और पंचायत के प्रवेश और निकास बिंदुओं पर कैमरे लगाना अनिवार्य किया जाएगा, ताकि ट्रैफिक नियंत्रण में मदद मिले और सड़क सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।
जागरूकता अभियान पर जोर
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूलों, कॉलेजों, पंचायतों और शहरों में ट्रैफिक नियमों को लेकर जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। उनका मानना है कि जागरूकता और सख्त कार्रवाई दोनों मिलकर सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि लोगों को सुरक्षित, आसान और बेहतर यातायात प्रणाली मिले।
इसे भी पढ़ें : सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान- बिहार में शुरू होंगे 100 फास्ट ट्रैक कोर्ट



