अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ के कुलापहाड़ी गांव में जमीन को लेकर पुराने विवाद ने फिर तनाव बढ़ा दिया है। कोर्ट से आदेश मिलने और प्रशासन द्वारा कब्जा दिलाने के बावजूद अगले ही दिन मारपीट और धमकी की घटना सामने आई। गांव के कई लोग रैयतों के साथ समाहरणालय पहुंचे। उन्होंने जिला प्रशासन को आवेदन सौंपकर कहा कि जमीन विवाद का मामला कई सालों से चल रहा है, लेकिन अब हालात फिर बिगड़ने लगे हैं।
2021 में मिला था उच्छेदी का आदेश
रतना मुसहर उर्फ रतन मुसहर ने बताया कि उन्होंने और उनके संबंधी गुजी मुसहर ने सब-डिविजनल कोर्ट में मुकदमा (संख्या 16/20-21) दायर किया था। इस मामले में 4 मार्च 2021 को सादिक शेख और अन्य के खिलाफ उच्छेदी का आदेश पारित हुआ था।
6 दिसंबर को मिला कब्जा, 7 दिसंबर को हमला
रैयतों ने बताया कि अनुमंडल दंडाधिकारी के निर्देश पर 6 दिसंबर 2025 को उन्हें विवादित भूमि का कब्जा दिलाया गया। लेकिन इसके अगले ही दिन 7 दिसंबर को सादिक शेख और उसके समर्थकों ने हमला कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने निर्माण को तोड़ दिया और जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने पहुंचकर संभाली स्थिति
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे हालात को नियंत्रित किया। लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की गई।
ग्रामीणों ने डीसी से की सख्त कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने उपायुक्त को आवेदन देकर दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि इस विवाद की वजह से बार-बार तनाव पैदा होता है और स्थायी समाधान जरूरी है।
इसे भी पढ़ें : उम्मीद की पहली ढुलाई, NTPC की नई परियोजना से बदलेगी हजारीबाग की तस्वीर



