अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड में शुक्रवार का दिन पुलिस महकमे के लिए किसी परीक्षा से कम नहीं रहा। एसपी निधि द्विवेदी जब रद्दीपुर ओपी पहुंचीं, तो साफ दिख गया कि यह महज औपचारिक निरीक्षण नहीं है। गार्ड ऑफ ऑनर के बाद उन्होंने बिना समय गंवाए सीधे रिकॉर्ड, पंजियों और परिसर की व्यवस्था देखने की शुरुआत की। जहां फाइलें ठीक मिलीं, वहां सराहना हुई, लेकिन जहां थोड़ी भी गड़बड़ी दिखी, वहां सख्त लहजे में सुधार का आदेश दिया गया।
लंबित कांडों पर बिंदुवार सवाल, जवाब में सख्ती की झलक
ओपी प्रभारी से एसपी ने एक-एक लंबित मामले की जानकारी मांगी। जवाब धीमा मिला तो तेवर और तेज हो गए। उन्होंने साफ कहा कि लंबित कांडों को फाइलों में दबाकर रखने की आदत अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर केस का त्वरित निपटारा ही प्राथमिकता है।
चेकपोस्ट पर अचानक पहुंचीं, व्यवस्था देखकर नाराजगी छिपी नहीं
निरीक्षण यहीं नहीं रुका। एसपी अचानक कदमडंगा चेकपोस्ट और दमदमा चेकपोस्ट जा पहुंचीं। यहां उन्होंने रजिस्टर पलटे, सीसीटीवी फुटेज देखी और गाड़ियों की जांच व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिया कि बिना माइनिंग चालान जांचे कोई भी मालवाहक वाहन आगे नहीं बढ़ेगा। किसी भी स्तर की लापरवाही पर कार्रवाई होगी, यह चेतावनी उन्होंने कई बार दोहराई। उनके लहजे से साफ था कि जांच में कोताही करने वालों के लिए अब कोई ढील नहीं है।

निर्माणाधीन भवनों की धीमी रफ्तार पर नाराजगी
एसपी निर्माणाधीन एसडीपीओ कार्यालय और आवासीय भवनों को देखने पहुंचीं। काम की धीमी गति और अधूरे हिस्सों को देखकर उन्होंने पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के अभियंता को सख्त निर्देश दिए। गुणवत्ता से समझौता और समय सीमा से खेल अब नहीं चलेगा। काम जल्द पूरा कर भवन प्रशासन को सौंपने को कहा गया।
मैसेज साफ- ढील नहीं चलेगी
पाकुड एसपी के इस दौरे ने पुलिस पदाधिकारियों को साफ संदेश दे दिया है। रिकॉर्ड से लेकर जांच तक, चेकपोस्ट की निगरानी से लेकर निर्माण कार्य तक, हर क्षेत्र में जवाबदेही तय होगी। जो काम करेगा, वही टिकेगा। जो कोताही करेगा, उसके लिए जगह कम होती जाएगी।
इसे भी पढ़ें : स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान में चमका पाकुड़, हासिल किया यह स्थान



