अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : जमशेदपुर के पोटका थाना में पोस्टेड नवनियुक्त महिला चौकीदार ज्योतिका हेंब्रम की बेरहमी से हत्या कर दी गयी। गला रेत कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया गया। रोज की तरह ज्योतिका अपना कर्तव्य निभाने निकली थी, लेकिन उन्हें क्या पता था कि यह उनकी आखिरी ड्यूटी होगी। कुछ ही घंटों बाद उनका खून से सना शव बड़ासिगदी गांव के पास मुख्य सड़क किनारे मिला। जिस शरीर पर कानून की जिम्मेदारी थी, उसी शरीर को बेरहमी से खत्म कर दिया गया।
सड़क पर मिला शव, पर कहानी कुछ और निकली
पोटका थाना को पहले सूचना मिली कि सड़क दुर्घटना हुई है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो दृश्य कुछ और ही कहानी कह रहा था। सड़क किनारे औंधे मुंह पड़ी ज्योतिका हेंब्रम का गला धारदार हथियार से रेता गया था। यह साफ था कि हत्या के बाद मामले को हादसा दिखाने की कोशिश की गई थी।
नवनियुक्त थे, सपने अभी अधूरे थे
ज्योतिका हेंब्रम हाल ही में चौकीदार के पद पर नियुक्त हुई थी। गांव और परिवार में खुशी का माहौल था। घर में बेहतर भविष्य के सपने बुने जा रहे थे। वर्दी पहनकर गांव की सुरक्षा करना उनके लिए सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि सम्मान की बात थी। लेकिन यह खुशी ज्यादा दिनों तक टिक नहीं सकी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
ज्योतिका की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे इलाके में मातम पसर गया। घर के लोग बेसुध हैं। परिवार का कहना है कि ज्योतिका का किसी से कोई झगड़ा नहीं था। वे एक शांत स्वभाव के इंसान थे, जो बस अपनी जिम्मेदारी निभाना जानते थे। अब सवाल यही है कि आखिर उनकी जान किसने और क्यों ली।
मौके पर पहुंचे अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही बीडीओ अरुण कुमार मुंडा और सीओ निकिता बाला भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों के प्रति संवेदना जताई और भरोसा दिलाया कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जांच में जुटी पुलिस, हर एंगल पर नजर
पुलिस इस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। थानेदार मनोज कुमार मुर्मू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई है। आसपास के इलाकों के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस हत्या के पीछे की वजह और आरोपी सामने होंगे।
इसे भी पढ़ें : ससुराल के कमरे में मिली नवविवाहिता की बॉडी, 6 महीने पहले हुई थी शादी

