अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Punjab : मशहूर कबड्डी खिलाड़ी और प्रमोटर राणा बलाचौरिया की हत्या के मामले में पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मोहाली के लालरू इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच हुए एनकाउंटर में एक आरोपी मारा गया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
एनकाउंटर में मारा गया आरोपी कौन था
मोहाली के एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने जानकारी दी कि एनकाउंटर में मारा गया अपराधी हरपिंदर सिंह उर्फ मिड्ढी था। वह तरनतारन जिले के नौशहरा पन्नुआं का रहने वाला था। मुठभेड़ के दौरान उसे गोली लगी थी। घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
कैसे हुआ एनकाउंटर
पुलिस को मास्टरमाइंड ऐशदीप सिंह से पूछताछ के दौरान हरपिंदर की लोकेशन मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर छापा मारा। पुलिस ने हरपिंदर को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उसने फायरिंग शुरू कर दी। करीब 10 राउंड फायरिंग हुई। इस दौरान एक पुलिसकर्मी की बुलेट प्रूफ जैकेट पर गोली लगी, जबकि दूसरा पुलिसकर्मी घुटने के नीचे गोली लगने से घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी को ढेर कर दिया।
मास्टरमाइंड पहले ही हो चुका है गिरफ्तार
एसएसपी ने बताया कि इस हत्याकांड का मास्टरमाइंड ऐशदीप सिंह पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। वह तरनतारन का रहने वाला है और पहले रूस में रह रहा था। हत्या को अंजाम देने के लिए वह 25 नवंबर को भारत आया था। बाद में वह मस्कट भागने की फिराक में था, तभी दिल्ली एयरपोर्ट से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
एक और आरोपी भी गिरफ्त में
इस केस में अमृतसर रूरल पुलिस की मदद से जुगराज सिंह नाम के एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि हत्या की रेकी करने वालों और साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा।
हत्या की असली वजह क्या थी
पुलिस जांच में सामने आया है कि राणा बलाचौरिया की हत्या कबड्डी खेल पर नियंत्रण हासिल करने के लिए की गई थी। एसएसपी ने बताया कि मृतक के कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया से करीबी संबंधों की भी जांच की जा रही है।
सोशल मीडिया पोस्ट ने दिया था नया मोड़
हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई थी, जिसमें बंबीहा गैंग ने इस हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए इसे सिद्धू मूसेवाला की हत्या का बदला बताया था। पोस्ट में दावा किया गया था कि राणा बलाचौरिया ने मूसेवाला के हत्यारों की मदद की थी। हालांकि, पुलिस ने इस दावे को पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया है।
कैसे हुई थी राणा बलाचौरिया की हत्या
15 दिसंबर 2025 को मोहाली के सोहाना इलाके में एक कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान राणा बलाचौरिया की खेल के मैदान में सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना से खेल जगत और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया था।
कौन थे राणा बलाचौरिया
राणा बलाचौरिया नवांशहर जिले के बलाचौर कस्बे के रहने वाले थे। उनका असली नाम कुंवर दिग्विजय सिंह था। वह पहले कुश्ती खिलाड़ी रहे और बाद में कबड्डी में नाम कमाया। उन्होंने अपनी कबड्डी टीम बनाई और प्रमोटर के तौर पर काम करने लगे। इसके अलावा, वह मॉडलिंग से भी जुड़े थे और म्यूजिक इंडस्ट्री में आने की तैयारी कर रहे थे।
हाल ही में हुई थी शादी
राणा के दोस्त जगदीप सिंह के अनुसार, उन्हें महंगी गाड़ियों और हथियारों का शौक था। 4 दिसंबर को उन्होंने देहरादून की एक युवती से शादी की थी। 6 दिसंबर को रिसेप्शन पार्टी हुई थी। शादी के कुछ ही दिनों बाद उनकी हत्या कर दी गई, जिससे परिवार और खेल जगत में शोक की लहर है।
इसे भी पढ़ें : धूप बेअसर, हाड़ कंपाने वाली ठंड से कांपा झारखंड

