अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर रविवार की शाम रांची पहुंचीं। विशेष विमान से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उतरने के बाद उनका काफिला कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लोकभवन के लिए रवाना हुआ।
एयरपोर्ट पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया स्वागत
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राष्ट्रपति का आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति को प्रतीक चिन्ह भेंट किया। इस अवसर पर सांसद संजय सेठ, डीजीपी तदाशा मिश्रा और उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने भी बुके देकर राष्ट्रपति का अभिनंदन किया।
रूट लाइन पर रही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर एयरपोर्ट से लेकर लोकभवन तक पूरे रूट लाइन पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सुरक्षा कर्मी पहले से ही अलर्ट मोड में थे। करीब 20 से 22 मिनट में राष्ट्रपति का काफिला सुरक्षित रूप से लोकभवन पहुंच गया।
लोकभवन में रात्रि विश्राम
रविवार की रात राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लोकभवन में ही विश्राम करेंगी। उनके ठहराव को लेकर सभी आवश्यक सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं की गई हैं।
सोमवार को जमशेदपुर और सरायकेला जाएंगी राष्ट्रपति
सोमवार को राष्ट्रपति सरायकेला-खरसावां और जमशेदपुर में आयोजित दो कार्यक्रमों में शामिल होंगी। 29 दिसंबर को वे जमशेदपुर के करणडीह स्थित दिशोम जाहेर थान पहुंचकर पूजा करेंगी।
ओलचिकी शताब्दी समारोह में होंगी शामिल
इसके बाद राष्ट्रपति संथाली भाषा की लिपि ओलचिकी के शताब्दी समारोह में भाग लेंगी। यह आयोजन आदिवासी संस्कृति और भाषा संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एनआईटी जमशेदपुर के दीक्षांत समारोह में शिरकत
राष्ट्रपति इसके बाद एनआईटी जमशेदपुर जाएंगी, जहां वे संस्थान के 15वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। कार्यक्रम के बाद वे शाम को वापस रांची लौटेंगी और लोकभवन में रात्रि विश्राम करेंगी।
30 दिसंबर को गुमला में सांस्कृतिक कार्यक्रम
30 दिसंबर को राष्ट्रपति रांची से हवाई मार्ग द्वारा छत्तीसगढ़ के जशपुर जाएंगी। वहां से सड़क मार्ग के जरिए गुमला पहुंचेंगी। गुमला में अंतर्राज्यीय जनसंस्कृति समागम समारोह कार्तिक जतरा में शिरकत करेंगी।
दौरे के समापन के बाद दिल्ली रवाना होंगी
गुमला कार्यक्रम के बाद राष्ट्रपति वापस रांची लौटेंगी और वहां से दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।
इसे भी पढ़ें : राष्ट्रपति के झारखंड दौरे को लेकर हाई अलर्ट, 14 IPS और 75 DSP तैनात



