अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में नए साल की शुरुआत के साथ ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में राज्य का न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। लेकिन इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान फिर 2-3 डिग्री गिरने की संभावना है, जिससे ठंड एक बार फिर बढ़ जाएगी।
पिछले 24 घंटों में गुमला सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई जिलों में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार सुबह कुछ जगहों पर कोहरा रहेगा, लेकिन दिन में आसमान साफ हो जाएगा। अगले पांच दिनों तक झारखंड के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहेगा और धूप निकलेगी। हालांकि संताल और कोल्हान क्षेत्र के कुछ जिलों में सुबह कुहासा छा सकता है, जो धूप निकलने के बाद छंट जाएगा।
गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में सुबह-शाम कोहरा रहने की संभावना है। जमशेदपुर में इस बार ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। घने कोहरे की वजह से दिन में भी ठिठुरन महसूस हो रही है। पिछले छह साल में पहली बार दिसंबर में यहां का अधिकतम तापमान एक भी दिन 30 डिग्री तक नहीं पहुंचा। रांची में पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस रहा। गुमला में लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, गुमला में घने जंगल और उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं के कारण यहां ठंड सबसे ज्यादा पड़ती है।
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत से DC-SSP सहित कई आला अधिकारियों ने की मुलाकात, दी शुभकामनाएं



