अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Hazaribagh : हजारीबाग के केरेडारी क्षेत्र में कोयला लोड वाहनों का परिवहन पूरी तरह से ठप हो गया है। ट्रांसपोर्टिंग सड़क पर अचानक दीवार खड़ी कर दिए जाने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। इसका सीधा असर कोयला कारोबार पर पड़ा है।
बीच सड़क पर बनाई गई करीब पांच फीट ऊंची दीवार
जानकारी के अनुसार, ट्रांसपोर्टिंग मार्ग पर रातोंरात करीब पांच फीट ऊंची दीवार बना दी गई। यह दीवार सड़क के बीचोंबीच बनाई गई है, जिससे रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। सुबह जब कोयला लोड हाईवा वाहन परिचालन के लिए निकले तो चालकों को आगे रास्ता बंद मिला।
हाईवा वाहनों की लगी लंबी कतार
सड़क बंद होने के कारण कोयला लोड हाईवा वाहनों की लंबी कतार लग गई है। कई घंटे बीत जाने के बावजूद वाहनों का परिचालन शुरू नहीं हो सका है। इससे ट्रांसपोर्टरों और चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
छुट्टी का फायदा उठाकर किया गया निर्माण
स्थानीय लोगों के अनुसार, 1 जनवरी को कोयला ट्रांसपोर्टिंग का काम बंद था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात लोगों ने रात के समय सड़क पर चारदीवारी का निर्माण कर दिया। सुबह जब काम शुरू हुआ तो इस अवैध निर्माण का खुलासा हुआ।
मौके पर पहुंचे कोयला कारोबार से जुड़े लोग
घटना की जानकारी मिलते ही कोयला कारोबार से जुड़े लोग मौके पर पहुंच गए हैं। सभी लोग मार्ग खुलवाने की मांग कर रहे हैं। हालांकि खबर लिखे जाने तक स्थानीय पुलिस मौके पर नहीं पहुंची थी।
इलाके में तनाव का माहौल
सड़क बंद होने से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कोयला आपूर्ति और कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो सकता है।
Also Read : हजारीबाग जेल ब्रेक कांड : दो हेड वार्डन सस्पेंड, 18 जेलकर्मी रडार पर

