अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamtara : जामताड़ा थाना क्षेत्र के कायस्थपाड़ा चौक स्थित बालाजी ज्वेलर्स में हुई लूट और फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। यह वारदात 24 दिसंबर 2025 की शाम करीब छह बजे हुई थी। चार अपराधी बाइक से दुकान पहुंचे और अंदर घुसते ही दुकानदार अमन वर्मा को गोली मार दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद अपराधियों ने सोने के जेवर लूटे और बाजार में फायरिंग करते हुए फरार हो गए। देर शाम सदर थाना परिसर में पुलिस कप्तान राजकुमार मेहता ने मीडिया को बताया कि इस मामले में चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से लोडेड पिस्टल, बिना नंबर की मोटरसाइकिल और लूटे गए सोने के आभूषण बरामद किए गए हैं।
तीन विशेष जांच टीमों का हुआ गठन
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन विशेष जांच टीम का गठन किया। इन टीमों का नेतृत्व जामताड़ा एसडीपीओ विकास आनंद लागोरी, नाला एसडीपीओ मनोज कुमार महतो और डीएसपी संजय कुमार सिंह ने किया। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की।
हथियार और बाइक के साथ दो आरोपी पकड़े गए
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अजीत यादव और हसमत अंसारी को बिना नंबर की पल्सर बाइक के साथ गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान अजीत यादव के पास से 7.65 एमएम बोर का लोडेड देशी पिस्टल बरामद हुआ, जिसमें चार जिंदा कारतूस लगे थे। पूछताछ में दोनों ने लूट कांड में शामिल होने की बात स्वीकार की।
अन्य दो आरोपी भी गिरफ्तार
इन दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने चंदन कुमार साव और मुकेश यादव को भी गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से बिना नंबर की तीन मोटरसाइकिलें, लूटे गए सोने की अंगूठी और बाली, घटना के समय पहने गए कपड़े और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
पहले भी लूट की कोशिश कर चुका था गिरोह
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इस गिरोह ने घटना से पहले भी लूट का प्रयास किया था, लेकिन पुलिस गश्ती के कारण वह योजना नाकाम हो गई थी। पुलिस के अनुसार यह गिरोह देवघर जिले में लंबे समय से सक्रिय रहा है और इसके सदस्यों पर पहले से कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
एसपी ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही पूरे गिरोह को पकड़ लेने का दावा किया गया है।
इसे भी पढ़ें : दावोस में पहली बार झारखंड, विश्व मंच पर रखेगा विकास का विजन



