अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Patna : सीएम नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हो गई। नए साल 2026 में यह नीतीश सरकार की पहली कैबिनेट बैठक थी। बैठक मुख्य सचिवालय के मंत्रिमंडल कक्ष में हुई, जिसमें सीएम ने अपने सभी मंत्रियों के साथ विस्तार से चर्चा की। इस बैठक में कुल 43 प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई।
नए साल पर जनता को बड़ा तोहफा
कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री ने कई विभागों में नए पदों के सृजन को मंजूरी दी। कृषि जल संसाधन विभाग, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, शिक्षा विभाग और विधि विभाग में नए पद बनाए जाएंगे। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और सरकारी कामकाज को मजबूती मिलेगी।
माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी की अध्यक्षता में बिहार कैबिनेट की बैठक में कुल 43 एजेंडों पर लगी मुहर। बैठक के बाद मीडियाकर्मियों को विस्तृत जानकारी देते श्री अरविन्द कुमार चौधरी, अपर मुख्य सचिव, मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग, बिहार ।@NitishKumar @BiharCabinet… pic.twitter.com/6TALTKOnmR
— IPRD Bihar (@IPRDBihar) January 13, 2026
गया आईएमसी को मिलेगी बेहतर बिजली आपूर्ति
बैठक में गया में प्रस्तावित इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर परियोजना के लिए अहम फैसला लिया गया। यहां निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 220 केवी डीसी ट्रांसमिशन लाइन के निर्माण को मंजूरी दी गई। इस योजना पर करीब 33.29 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
दरभंगा में लॉजिस्टिक पार्क और कार्गो हब
दरभंगा एयरपोर्ट के पास लॉजिस्टिक पार्क और कार्गो हब के निर्माण के लिए 50.0004 एकड़ भूमि के अधिग्रहण को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इस पर 138.82 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे क्षेत्र में व्यापार और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
न्यायपालिका और अधिवक्ताओं के लिए फैसले
कैबिनेट ने अधिवक्ताओं के कल्याण के लिए बिहार राज्य आकस्मिकता निधि से 30 करोड़ रुपये का अग्रिम देने की मंजूरी दी। पटना उच्च न्यायालय में चार नए विधि सहायकों के पद सृजित किए गए हैं। साथ ही 45 विधि लिपिकों का पदनाम बदलकर विधि सहायक करने का निर्णय लिया गया।
तकनीकी शिक्षा और जेल सुरक्षा पर जोर
तकनीकी शिक्षा को मजबूत करने के लिए बगहा स्थित नए राजकीय पॉलिटेक्निक में 106 पदों के सृजन को हरी झंडी दी गई। वहीं जेलों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए राज्य की 53 जेलों में 9,073 नए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा आठ काराओं में पुराने सिस्टम का एकीकरण किया जाएगा। इस योजना पर लगभग 155 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
विकास योजनाओं की निगरानी और पुनर्विकास योजना
सात निश्चय तीन कार्यक्रमों की निगरानी का जिम्मा बिहार विकास मिशन को सौंपा गया है। इसके अलावा राजवंशीनगर और शास्त्रीनगर के पुनर्विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार करने हेतु परामर्शी शुल्क को भी स्वीकृति दी गई।
16 जनवरी से शुरू होगी समृद्धि यात्रा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 16 जनवरी से समृद्धि यात्रा पर निकलेंगे। यह यात्रा चार चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में मुख्यमंत्री 16 जनवरी को पश्चिमी चंपारण से यात्रा की शुरुआत करेंगे। इसके बाद 17 जनवरी को पूर्वी चंपारण, 19 जनवरी को सीतामढ़ी और शिवहर, 20 जनवरी को गोपालगंज, 21 जनवरी को सिवान, 22 जनवरी को सारण, 23 जनवरी को मुजफ्फरपुर और 24 जनवरी को वैशाली जिले का दौरा करेंगे।
इसे भी पढ़ें : डीए बढ़ा, नई योजनाओं को मंजूरी… जानें नीतीश कैबिनेट के 19 अहम फैसले



