अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : रांची के ओरमांझी थाना क्षेत्र के चुटूपालू टीओपी के पास एनएच-20 पर रांची से सिलीगुड़ी जा रही एक यात्री बस को फूंकने के मामले में पुलिस ने चार संदेही गुनहगारों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में उदय कुमार गंझू, प्रियांशु शर्मा, सलमान आलम और दामोदर करमाली शामिल हैं। सभी आरोपी ओरमांझी थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। वारदात को अंजाम बीते 14 जनवरी की शाम करीब 7.30 बजे दिया गया था। इस बवाल में बस पूरी तरह जलकर राख हो गई थी।
सड़क हादसे से भड़का मामला
ओरमांझी थानेदार शशि भूषण चौधरी ने बताया कि बस नंबर JH 05CR-0457 से सड़क पार कर रही एक युवती को टक्कर लग गई थी। इसके बाद बुलेट पर सवार कुछ लोगों ने बस के आगे बाइक खड़ी कर दी और यात्रियों को जबरन नीचे उतार दिया। आरोप है कि बस में तोड़फोड़ की गई और बस स्टाफ के साथ मारपीट की गई।
भीड़ जुटी, बस में लगा दी आग
घटना के दौरान हंगामा बढ़ता गया और आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। इसी बीच उपद्रवियों ने बस में आग लगा दी। देखते ही देखते पूरी बस जल गई। घटना के कारण कुछ देर तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
चार आरोपी गिरफ्तार
बस मालिक असरार अंसारी की शिकायत पर ओरमांझी थाना में कांड संख्या 05/26 दर्ज किया गया। एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर के मार्गदर्शन में सिल्ली डीएसपी अनुज उरांव के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने चुटूपालू गांव से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
बाइक और मोबाइल जब्त, जांच जारी
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बुलेट (नंबर JH 01BP-3751) और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी जारी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इन लोगों को दबोचने में सिल्ली डीएसपी अनुज उरांव, ओरमांझी थानेदार शशि भूषण चौधरी, एसआई जय प्रकाश पासवान, एएसआई अनुप कुमार सिंह, हेमंत कुमार यादव और ओरमांझी थाना रिजर्व गार्ड की भूमिका सराहनीय रही।
इसे भी पढ़ें : कैरव गांधी केस में केंद्र की एंट्री, संजय सेठ ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

