अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan, Bhurkunda) : रात जब शहर सो जाता है, तब अपराधी जागते हैं। सौंदा डी की वह गली भी बीती रात खामोश थी। दूर कहीं कुत्तों के भौंकने की आवाज और बंद दुकानों के बीच खड़ी दो ज्वेलरी शॉप। कुछ ही घंटों में यह खामोशी टूट गई। सुबह होते ही जब शटर उखड़े मिले, तो साफ था कि यह एक सोची समझी वारदात थी। आज सुबह जब लोग पहुंचे तो, दुकानों के शटर आधे खुले थे, चेहरे उतरे हुए और बातचीत में खौफ झलक रहा था। बीती रात चोरों ने जिस तरह दो ज्वेलरी दुकानों को निशाना बनाया, उसने सिर्फ सोना चांदी नहीं छीना, बल्कि वर्षों की मेहनत और व्यापारियों के भरोसे को भी हिला दिया।
रोज की तरह बंद की दुकान, सुबह मिली अनहोनी की खबर
राजरत्न ज्वेलर्स और देवरत्न ज्वेलर्स के मालिक रोज की तरह शाम को दुकान बंद कर घर लौटे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि रात उनके कारोबार की सबसे काली रात बन जाएगी। सुबह आसपास के दुकानदारों ने शटर उखड़ा देखा तो हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दोनों दुकानदार मौके पर पहुंचे। अंदर का मंजर देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
शटर उखड़ा, लॉकर गायब, मेहनत लुटी
चोरों ने जैक लगाकर दोनों दुकानों के शटर तोड़े और अंदर रखे लॉकर उखाड़ ले गए। राजरत्न ज्वेलर्स से करीब 15 लाख और देवरत्न ज्वेलर्स से लगभग 2 लाख 50 हजार रुपये के सोने चांदी के गहने चोरी हो गए। ये सिर्फ गहने नहीं थे, बल्कि परिवार की जमा पूंजी, बच्चों का भविष्य और सालों की मेहनत थी।
एक रात में बदल गई जिंदगी
दुकानदारों की आंखों में गुस्सा कम, चिंता ज्यादा थी। उनका कहना था कि व्यापार पहले ही मुश्किल दौर से गुजर रहा है और अब ऐसी घटनाएं नींद भी छीन रही हैं। हर रात यही डर सताता है कि अगली बारी किसकी होगी।
विधायक पहुंचे, दिया दिलासा
घटना की खबर मिलते ही भाजपा विधायक रोशन लाल चौधरी दुकानदारों से मिलने पहुंचे। उन्होंने पीड़ितों से बातचीत की और पुलिस से जल्द खुलासे की मांग की। दिलासा जरूर मिला, लेकिन व्यापारियों के मन में यह सवाल अब भी है कि क्या सिर्फ आश्वासन से सुरक्षा लौट आएगी।
26 दिनों में दूसरी बड़ी वारदात
भुरकुंडा के लोगों को 20 दिसंबर की वह शाम अब भी याद है, जब विजय ज्वेलर्स में पिस्टल की नोक पर सवा करोड़ रुपये की लूट हुई थी। उस मामले का खुलासा अभी तक नहीं हो पाया। 26 दिनों के भीतर दूसरी बड़ी घटना ने साफ कर दिया है कि अपराधियों का हौसला बढ़ा है और आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। वहीं, पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द खुलासे का भरोसा दे रही है।
इसे भी पढ़ें : “ऐसा नरसं’हार करेंगे, पूरा सिस्टम हिला देंगे”… गैंगस्टर प्रिंस खान का हथियार के साथ वीडियो वायरल

