अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में मौसम अब फिर करवट बदल रहा है। बीते कुछ दिनों से दिन में तेज धूप और हल्की गर्मी से लोगों को राहत मिली थी, लेकिन अब ठंड दोबारा जोर पकड़ने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। खासकर रात और सुबह के समय ठंड काफी बढ़ जाएगी। राज्य के कई इलाकों में दिन और रात के तापमान में काफी अंतर देखा जा रहा है। शहरों में दिन का मौसम सुहाना बना हुआ है, जबकि गांवों और पठारी क्षेत्रों में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड महसूस हो रही है।
अगले 48 घंटे क्यों हैं अहम?
मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 21 जनवरी से अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। लेकिन 22 जनवरी और 23 जनवरी से तापमान में साफ गिरावट आएगी। इस दौरान पूरे राज्य में ठंड का असर बढ़ेगा। ऊंचाई वाले इलाकों और खुले मैदानों में ठिठुरन और तेज हो सकती है। हालांकि, अच्छी खबर यह है कि 24 और 25 जनवरी से न्यूनतम तापमान में फिर 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे ठंड धीरे-धीरे कम होने लगेगी।
रांची में मौसम का हाल
राजधानी रांची में दिन में धूप से राहत मिल रही है, लेकिन रात होते ही तापमान तेजी से गिर जाता है। पिछले 24 घंटों में रांची का अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में भी तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा।
सबसे ठंडा इलाका
झारखंड में सबसे ज्यादा ठंड कांके और मैक्लुस्कीगंज में पड़ रही है। कांके में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस तक गिरा, जो राज्य में सबसे कम रहा। यहां दिन में हल्की गर्माहट महसूस हुई, लेकिन रात और सुबह में ठंड से लोग ठिठुर गए। हवा की गति कम होने से ठंड का असर और बढ़ गया। मौसम पूरी तरह शुष्क रहा और कहीं बारिश नहीं हुई।
कोहरा और शुष्क मौसम
पिछले 24 घंटों में राज्य में मौसम शुष्क रहा। कुछ जगहों पर हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहा, जिससे सुबह दृश्यता कम हुई। चाईबासा में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि खूंटी में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
रांची का अगले चार दिनों का तापमान पूर्वानुमान
| तारीख | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
| 21 जनवरी | 27 | 9 |
| 22 जनवरी | 26 | 9 |
| 23 जनवरी | 26 | 10 |
| 24 जनवरी | 27 | 12 |
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बदलते मौसम में सतर्क रहें। सुबह और शाम के समय गर्म कपड़े जरूर पहनें, क्योंकि अचानक गिरता तापमान सेहत पर बुरा असर डाल सकता है।
इसे भी पढ़ें : रांची की सड़क पर तड़पती एक जिंदगी, डालसा सचिव बने सहारा



