अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : शहर की रफ्तार रोज़ आगे बढ़ती है, इमारतें ऊंची होती जा रही हैं, लेकिन इसी चमक-दमक के बीच कुछ परिवार ऐसे भी हैं, जिनकी ज़िंदगी अचानक डर के अंधेरे में डूब जाती है। राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में रहने वाले बिल्डर राफे कमाल और उनका परिवार आज ऐसे ही खौफ के साये में जीने को मजबूर है। सब कुछ सामान्य था। रोज़मर्रा का काम, जमीन पर निर्माण की तैयारी और भविष्य के सपने। लेकिन 6 जनवरी को पंडरा स्थित अपनी जमीन पर पहुंचे राफे कमाल के लिए हालात अचानक बदल गए। वहां मौजूद कुछ लोगों ने खुद को कुख्यात राहुल दुबे गैंग और अमन साहु गैंग से जुड़ा बताते हुए न सिर्फ काम रुकवाया, बल्कि खुलेआम धमकी दे डाली… “जमीन छोड़ दो, नहीं तो अंजाम बुरा होगा।”
उस दिन राफे तो किसी तरह घर लौट आए, लेकिन असली डर शाम होते-होते मोबाइल स्क्रीन पर उतर आया। एक अनजान नंबर से आए मैसेज में खुद को राहुल दुबे गैंग का प्रकाश शुक्ला बताने वाले व्यक्ति ने सीधे 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांग ली। शब्दों में ज़हर था—पैसे नहीं देने पर जमीन में दफन करने की धमकी। यह सिर्फ एक मैसेज नहीं था, बल्कि पूरे परिवार की नींद उड़ाने के लिए काफी था। राफे के घर का माहौल बदल गया। बच्चों की हंसी खामोशी में बदल गई, परिवार के लोग हर आहट पर चौंकने लगे। डर यहीं खत्म नहीं हुआ। 17 जनवरी को जब बदमाशों ने राफे के भाई की रेकी करते हुए वीडियो बनाकर भेजा, तो परिवार पूरी तरह सहम गया।
राफे कमाल कहते हैं, “जमीन हमारी है, कागज हमारे पास हैं, फिर भी हमें अपराधियों की तरह डराया जा रहा है। परिवार की सुरक्षा सबसे बड़ी चिंता बन गई है।” डर इतना बढ़ गया कि आखिरकार उन्होंने अरगोड़ा थाना पहुंचकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई। पुलिस ने इस मामले में कांड संख्या 22/2025 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की कई धाराओं के तहत जांच शुरू कर दी है। तकनीकी टीम मोबाइल नंबर और मैसेज की जांच में जुटी है, वहीं आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : दिन में राहत, रात में आफत : अगले 48 घंटे अहम… जानें



