अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में बीते कुछ दिनों से मिली ठंड से राहत अब ज्यादा देर नहीं टिक रही है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में जहां सनसनाती हवाओं और तेज ठंड का असर कम हुआ था, वहीं आज मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आज न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को फिर से ठंड का सामना करना पड़ेगा।
चार दिन पहले गुमला जिले में न्यूनतम तापमान 0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया था। हालांकि पिछले 24 घंटों में स्थिति कुछ सुधरी और गुमला का न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची और अन्य जिलों में भी न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री के आसपास रहा, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली थी। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज यानी 22 जनवरी को राज्य के उत्तरी और मध्य हिस्सों में ठंड का असर ज्यादा रहेगा। पलामू, लातेहार, गढ़वा, गिरिडीह, खूंटी और रांची जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह और देर रात ठंडी हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं।
न सिर्फ रात, बल्कि दिन के तापमान में भी गिरावट आने वाली है। चाईबासा और सरायकेला-खरसावां को छोड़कर राज्य के ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। बीते दिनों जहां दिन का तापमान 28-29 डिग्री तक पहुंच रहा था, वहां अब दोपहर में भी ठंड का अहसास होगा और ठंडी हवाएं चलेंगी। हालांकि चाईबासा और सरायकेला-खरसावां में स्थिति थोड़ी अलग रहेगी। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे दिन में ज्यादा ठंड नहीं लगेगी, लेकिन सुबह-शाम हल्की ठंड बनी रह सकती है।
इसे भी पढ़ें : NIA का बड़ा खुलासा : भारत में आतंक की जमीन तैयार करने में जुटा था झारखंड का फैजान

