अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Jamshedpur : जमशेदपुर में कारोबारी कैरव गांधी के अपहरण मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अपहृत कारोबारी को सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया है। यह बरामदगी राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (एनएच-19) पर एक स्थान से की गई। जमशेदपुर के एसएसपी पीयूष पांडेय के निर्देश पर इस मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने लगातार प्रयास करते हुए रविवार तड़के करीब 4:30 बजे कैरव गांधी को सुरक्षित मुक्त कराया।
एसएसपी पीयूष पांडेय ने इस सफलता की पुष्टि करते हुए बताया कि कारोबारी पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में शामिल अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। यहां याद दिला दें कि कारोबारी कैरव गांधी बीते 14 दिनों से लापता थे। उनके अपहरण से परिवार के साथ-साथ पूरे शहर में चिंता का माहौल बना हुआ था। पुलिस पर भी इस मामले को जल्द सुलझाने का दबाव था।
डीजीपी ने की थी हाई लेवल मीटिंग
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए 25 जनवरी को झारखंड की डीजीपी तदाशा मिश्रा पहली बार जमशेदपुर पहुंची थीं। उन्होंने शहर की कानून-व्यवस्था का जायजा लिया और विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान डीजीपी ने कैरव गांधी के अपहरण स्थल पर भी पहुंचकर जांच की स्थिति की जानकारी ली थी। उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने और अपहृत कारोबारी को सुरक्षित बरामद करने के निर्देश दिए थे। डीजीपी के निर्देश के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज हुई और लगातार दबिश के बाद आखिरकार पुलिस को सफलता मिली।
परिजनों ने जताया आभार
कैरव गांधी की सुरक्षित वापसी से उनके परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन का आभार जताया और कहा कि पुलिस की मेहनत और तत्परता से उनके बेटे की जान बच सकी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और अपहरण के पीछे की साजिश का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
इसे भी पढ़ें : सहरसा में SSB जवान को दिनदहाड़े मा’री गोली, छुट्टी में आए थे घर

