अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग ने राज्य में नगर निकाय आम निर्वाचन 2026 की घोषणा कर दी है। आयोग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य में 23 फरवरी 2026 को मतदान कराया जाएगा, जबकि 27 फरवरी 2026 को मतगणना की जाएगी। इसके साथ ही पूरे राज्य में आचार संहिता लागू हो गई है। इस संबंध में आयोग ने बताया कि सभी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और जिला प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
48 नगरपालिकाओं में होंगे चुनाव
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस बार झारखंड की कुल 48 नगरपालिकाओं में चुनाव होंगे। इनमें शामिल हैं:
- 09 नगर निगम
- 20 नगर परिषद
- 19 नगर पंचायत
इनमें से 42 नगरपालिकाओं का कार्यकाल पूरा हो चुका है, जबकि 06 नवगठित नगर निकायों में पहली बार चुनाव कराया जाएगा।
इन नगर निगमों में कराया जाएगा मतदान
नगर निगम स्तर पर जिन शहरों में चुनाव होंगे, उनमें शामिल हैं… मेदिनीनगर, हजारीबाग, गिरिडीह, देवघर, धनबाद, चास, रांची, आदित्यपुर और मानगो नगर निगम। इन सभी नगर निगमों में मेयर और पार्षद पद के लिए मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
नगर परिषदों में भी होगा चुनावी मुकाबला
नगर परिषद स्तर पर गढ़वा, विश्रामपुर, चतरा, झुमरीतिलैया, मधुपुर, गोड्डा, साहेबगंज, पाकुड़, दुमका, मिहिजाम, चिरकुंडा, फुसरो, रामगढ़, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, चक्रधरपुर, चाईबासा, कपाली और जुगसलाई में चुनाव कराए जाएंगे। यहां अध्यक्ष और वार्ड पार्षदों के पदों के लिए मतदान होगा।
नगर पंचायत क्षेत्रों में भी चुनाव की तैयारी
नगर पंचायत स्तर पर श्रीबंशीधरनगर, मझिआंव, हुसैनाबाद, हरिहरगंज, छत्तरपुर, लातेहार, कोडरमा, डोमचांच, बड़कीसरैया, धनवार, महागामा, राजमहल, बरहरवा, बासुकीनाथ, जामताड़ा, खूंठी, बुंडू, सरायकेला और चाकुलिया में चुनाव प्रस्तावित हैं। इन क्षेत्रों में भी चेयरमैन और वार्ड सदस्यों के चुनाव होंगे।
नामांकन से लेकर मतदान तक पूरा शेड्यूल
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार:
- 28 जनवरी 2026 को अधिसूचना जारी होगी
- 29 जनवरी से 4 फरवरी 2026 तक नामांकन होगा
- 5 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच होगी
- 6 फरवरी को नाम वापसी की अंतिम तिथि होगी
- 7 फरवरी को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे
- 23 फरवरी को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा
- 27 फरवरी को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी
सुरक्षा और निष्पक्ष चुनाव पर विशेष जोर
राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनाया जाएगा। इसके लिए पुलिस बल, दंडाधिकारी और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और मतदान केंद्रों पर पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी।
प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों में हलचल तेज
चुनाव की घोषणा के बाद राजनीतिक दलों और संभावित प्रत्याशियों में हलचल तेज हो गई है। विभिन्न दलों ने अपने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कई क्षेत्रों में स्थानीय नेताओं द्वारा जनसंपर्क और बैठकों का दौर भी शुरू हो गया है।
मतदाताओं से मतदान की अपील
राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे बिना किसी भय और दबाव के मतदान करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं। आयोग ने कहा aaकि मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को मतदान के प्रति प्रेरित किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : अपहृत कारोबारी कैरव गांधी सकुशल बरामद, DGP ने की थी हाई लेवल मीटिंग

