अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : सीएम हेमंत सोरेन दावोस और यूनाइटेड किंगडम के लंदन दौरे के बाद आज रांची पहुंचे। जैसे ही वे बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचे, वहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट परिसर में फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल और बड़ी संख्या में आम लोगों ने मुख्यमंत्री का ढोल नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। लोगों में मुख्यमंत्री के स्वागत को लेकर उत्साह देखा गया।
झारखंड से पहली बार गया 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल
सीएम हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड से पहली बार 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल स्विट्जरलैंड के दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की वार्षिक बैठक में शामिल हुआ। यह राज्य के लिए एक ऐतिहासिक अवसर माना जा रहा है। इस सम्मेलन में दुनिया भर के बड़े निवेशक, उद्योगपति और विशेषज्ञ मौजूद थे।

मीडिया से बोले मुख्यमंत्री, झारखंड की बात दुनिया तक पहुंची
एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम जैसे बड़े वैश्विक मंच पर झारखंड को अपनी बात रखने का मौका मिला। राज्य सरकार ने दावोस और लंदन दोनों जगह झारखंड की आवाज को दुनिया तक पहुंचाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद यह पहली बार है जब झारखंड ने इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।

झारखंड के जल, जंगल और जमीन को मिलेगा नया आयाम
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि दावोस में मिले अनुभव का उपयोग झारखंड के विकास के लिए किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार राज्य के जल, जंगल और जमीन के साथ यहां मौजूद संसाधनों और संभावनाओं को नई दिशा देने पर काम करेगी।
युवाओं और शिक्षा पर रहेगा सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाली पीढ़ी को बेहतर भविष्य देने के लिए शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर तैयार किए जाएंगे। इस वैश्विक सम्मेलन के जरिए शिक्षा से जुड़े कई नए विचार सामने आए हैं, जिससे राज्य के युवाओं को मजबूती मिलेगी।

राज्य को प्रगति के रास्ते पर ले जाना प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में विकास की अपार संभावनाएं हैं। सरकार का लक्ष्य इन संभावनाओं को जमीन पर उतारकर राज्य को तेजी से प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ाना है।
इसे भी पढ़ें : लंदन में झारखंड के कामगारों से मिले सीएम हेमंत, विदेशों में सुरक्षा पर दिया बड़ा बयान

