अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Pakur (Jaydev Kumar) : पाकुड़ जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। डीपीएस स्कूल की बस की चपेट में आने से स्कूटी सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
मुआवजे की मांग को लेकर 9 घंटे तक सड़क जाम
हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया। लोगों की मांग थी कि मृतक के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए और सरकार की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
स्थिति को संभालने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी और एसडीपीओ डीएन आजाद मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारी पूरे दिन जाम स्थल पर मौजूद रहे और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास करते रहे।
मुआवजा और सरकारी सहायता का मिला आश्वासन
कई घंटे की बातचीत के बाद प्रशासन ने मृतक के आश्रित को सरकार के नियमानुसार मुआवजा देने का आश्वासन दिया। इसके अलावा परिवार को अन्य सरकारी योजनाओं और सहायता का लाभ दिलाने की भी बात कही गई। इस भरोसे के बाद ग्रामीण शांत हुए और करीब नौ घंटे बाद सड़क जाम हटा लिया गया।
सामान्य हुई यातायात व्यवस्था
जाम हटते ही सड़क पर फंसे वाहनों ने राहत की सांस ली और यातायात धीरे धीरे सामान्य हो सका। प्रशासन की ओर से कहा गया है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : कोलकाता में रेलवे और झामुमो नेताओं की हाई लेवल बैठक, क्या हुआ… जानें

