अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
गाजियाबाद के भारत सिटी इलाके में मंगलवार रात एक बेहद दुखद घटना सामने आई। बी-1 टावर के फ्लैट नंबर 907 में रहने वाली तीन सगी बहनों ने 9वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। यह घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। तीनों बहनें एक-दूसरे का हाथ पकड़कर बालकनी से नीचे कूद गईं। गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर आए और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर ही हुई तीनों की मौत
सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। तीनों बहनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल बन गया है। लोग इस दर्दनाक घटना से हैरान और दुखी हैं।
12 से 16 साल के बीच थी उम्र
पुलिस के अनुसार, तीनों बहनों की उम्र 12 से 16 साल के बीच थी। वे एक साथ रहती थीं और आपस में काफी जुड़ी हुई थीं। पड़ोसियों का कहना है कि तीनों सामान्य जीवन जी रही थीं और पढ़ाई भी कर रही थीं। परिवार वालों के मुताबिक, वे अधिकतर समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करती थीं।
कोरियन लव गेम की लत की जांच
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तीनों बहनें काफी समय से कोरियन लव गेम खेल रही थीं। बताया जा रहा है कि कोरोना काल से वे इस गेम की आदी हो गई थीं। हाल ही में पिता ने उन्हें मोबाइल पर गेम खेलने से मना किया था और इस बात को लेकर उन्हें डांटा भी था। इसके बाद तीनों के मानसिक तनाव में आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, परिवार की ओर से अभी इस मामले में कोई स्पष्ट बयान नहीं आया है।
पुलिस कर रही हर पहलू से जांच
एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही, तीनों बहनों के मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी।
क्या होता है कोरियन लव गेम
कोरियन लव गेम एक तरह का ऑनलाइन चैट गेम है, जो सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप के जरिए फैलता है। इसमें सामने वाला खुद को विदेशी या कोरियन युवक या युवती बताकर बातचीत शुरू करता है। शुरुआत में दोस्ती और प्यार की बातें होती हैं। फिर धीरे धीरे छोटे टास्क दिए जाते हैं। बाद में ये टास्क कठिन होते जाते हैं और खेलने वाले पर मानसिक दबाव बढ़ने लगता है। कई बार डराया भी जाता है, जिससे व्यक्ति तनाव में आ जाता है।
इलाके में गम और चिंता का माहौल
घटना के बाद कॉलोनी में मातम पसरा हुआ है। लोग बच्चों में बढ़ती मोबाइल लत और ऑनलाइन गेम के खतरे को लेकर चिंता जता रहे हैं।फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।



