अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड सरकार ने बजट सत्र को ध्यान में रखते हुए एक अहम फैसला लिया है। आम तौर पर शनिवार को सचिवालय और उससे जुड़े दफ्तरों में छुट्टी रहती है, लेकिन इस बार 21 फरवरी, शनिवार को राज्य के सभी सरकारी कार्यालय खुले रहेंगे। इस संबंध में कार्मिक, प्रशासनिक सुधार और राजभाषा विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है।
क्यों लिया गया यह फैसला?
सरकार का कहना है कि षष्टम् झारखंड विधानसभा का पंचम सत्र 18 फरवरी से 19 मार्च तक चल रहा है। 21 फरवरी को विशेष बैठक भी तय है। ऐसे में सत्र से जुड़े कामकाज में किसी तरह की देरी न हो, इसलिए सभी विभागों को एक्टिव मोड में रखा गया है। सीधी बात यह है कि बजट सत्र के दौरान फाइलों की आवाजाही तेज रहती है, सवाल-जवाब तैयार होते हैं, विभागीय जानकारी जुटाई जाती है। अगर दफ्तर बंद रहते, तो काम प्रभावित हो सकता था।
अधिकारी-कर्मचारियों को रहना होगा मौजूद
अधिसूचना में साफ कहा गया है कि संबंधित अधिकारी और कर्मचारी तय समय पर अपने-अपने कार्यालय में मौजूद रहेंगे। मकसद यही है कि विधानसभा में उठने वाले सवालों और बजट से जुड़े मामलों का जवाब समय पर दिया जा सके। सरकार चाहती है कि विभागों के बीच बेहतर तालमेल बना रहे और किसी भी तरह की तकनीकी या प्रशासनिक अड़चन सामने न आए।
आम दिनों में रहती है छुट्टी
सचिवालय और उससे संबद्ध दफ्तरों में आम तौर पर शनिवार को अवकाश रहता है। लेकिन इस बार स्थिति अलग है। बजट सत्र को देखते हुए इसे कार्य दिवस घोषित किया गया है।
इसे भी पढ़ें : झारखंड विधानसभा : वित्त मंत्री ने पेश किया 6450 करोड़ का तृतीय अनुपूरक बजट



