अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Kishanganj : बिहार के किशनगंज में स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ठाकुरगंज की CDPO यानी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी अनीता कुमारी को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। यह कार्रवाई आज यानी 20 फरवरी को एक लिखित शिकायत के आधार पर की गई। निगरानी टीम ने पहले शिकायत की पुष्टि की और फिर पूरी योजना बनाकर जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी पदाधिकारी ने 50 हजार रुपए लिए, टीम ने तुरंत उन्हें पकड़ लिया।
10 लाख रुपए की थी मांग
शिकायत नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र के जगदीशपुर तियारी निवासी नागेंद्र कुमार ने दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पदाधिकारी उन्हें आरोप पत्र गठित कर निलंबित कराने की धमकी दे रही थीं। शिकायतकर्ता का कहना है कि कार्रवाई से बचाने के नाम पर उनसे 10 लाख रुपए की मांग की गई थी। काफी दबाव के बाद जब उन्होंने शिकायत की, तब जाकर निगरानी विभाग हरकत में आया।
आवास से 4 लाख नकद बरामद
गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम ने आरोपी के आवास की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वहां से 4 लाख रुपए नगद बरामद किए गए। इस बरामदगी के बाद मामला और गंभीर हो गया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कांड संख्या 08/2026 दर्ज किया गया है।
एडीजी ने की गिरफ्तारी की पुष्टि
स्पेशल विजिलेंस यूनिट यानी विशेष निगरानी इकाई के एडीजी पंकज कुमार दाराद ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। आरोपी को शनिवार को निगरानी न्यायालय, पटना में पेश किया जाएगा।
विभाग में मचा हड़कंप
इस कार्रवाई के बाद आईसीडीएस विभाग में काम करने वाले कर्मियों के बीच चर्चा तेज हो गई है। जिले के अन्य अधिकारियों में भी इस घटना को लेकर हलचल है। आम लोगों का कहना है कि अगर इसी तरह सख्त कार्रवाई होती रही, तो भ्रष्टाचार पर लगाम लगेगी और सरकारी योजनाओं का फायदा सही लोगों तक पहुंचेगा। निगरानी विभाग के अधिकारियों ने साफ कहा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
इसे भी पढ़ें : बिहार जाने वालों के लिए बड़ी खबर! कुछ ट्रेनें कैंसिल, कई के रूट बदले



