अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : झारखंड में आज यानी बुधवार को मौसम का मूड पूरी तरह बदल गया है। सुबह से ही आसमान में काले बादल डेरा जमाए हुए हैं और कई जिलों में तेज बारिश और आंधी-तूफान का असर दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के 20 जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है।
रांची में ठंडी हवाओं का असर
रांची में भले ही जोरदार बारिश नहीं हुई, लेकिन ठंडी हवाओं ने मौसम को काफी सुहाना बना दिया। लोग फिर से स्वेटर और हल्के गर्म कपड़े निकालने को मजबूर हुए। सुबह-शाम की ठंडक ने फरवरी जैसी फीलिंग दे दी।
पिछले 24 घंटे में कहां कितनी बारिश हुई
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे ज्यादा 28.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे और बीच-बीच में तेज हवाएं चलती रहीं। खासकर पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां में भारी बारिश हुई। तेज हवा के कारण कई जगहों पर बंद खिड़कियां चटक गईं और छतों पर बने अस्थायी शेड उड़ गए। रात के समय बिजली चमकी और कड़क की आवाज लोगों तक साफ सुनाई दी।
इन जिलों को सतर्क रहने की सलाह
झारखंड मौसम विभाग ने पिछले 24 घंटे में कुल 5 येलो अलर्ट जारी किए। पहला अलर्ट दोपहर 3:26 बजे जारी हुआ। इसमें पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला खरसावां में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं और वज्रपात की चेतावनी दी गई। इसके बाद 3:41 बजे गुमला, खूंटी, सिमडेगा, दुमका और गोड्डा जिलों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया। मौसम विभाग ने साफ कहा है कि इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ वज्रपात का खतरा बना रहेगा, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
कुछ जिलों में थोड़ी राहत
मौसम विभाग के अनुसार आज झारखंड के लगभग सभी जिलों में तेज बारिश और हवाओं की संभावना है। हवा की रफ्तार 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और वज्रपात भी हो सकता है। हालांकि पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जिलों में भारी बारिश की संभावना थोड़ी कम बताई गई है।
इसे भी पढ़ें : गिरिडीह में फा’यरिंग कर फैलाई थी दहशत, भागने वाला था विदेश… अंडाल एयरपोर्ट से धराया



