अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : होली और रमज़ान जैसे बड़े त्योहार सिर पर हैं और बाजारों में मिठाइयों की मांग बढ़ने लगी है। ऐसे में मिलावटखोरी पर लगाम कसने के लिए रामगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। सिविल सर्जन सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के निर्देश पर जिले में विशेष जांच अभियान चलाया गया। टीम ने कई होटलों और मिठाई दुकानों में अचानक पहुंचकर जांच की, जिससे दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
त्योहार से पहले सख्ती क्यों
त्योहारों के समय मिठाई और खाने-पीने की चीजों की खपत बढ़ जाती है। इसी मौके का फायदा उठाकर कुछ लोग मिलावटी या घटिया सामान बेचने लगते हैं। विभाग का साफ कहना है कि आम लोगों की सेहत से कोई खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। इसलिए इस बार पहले से ही तैयारी कर ली गई है।
इन होटलों और दुकानों में हुई जांच
जांच टीम ने चित्तरपुर इलाके के होटल सूर्या, स्वर्ण मंडप, रॉयल सेलिब्रेशन, मामा होटल, भागवत स्वीट्स, कान्हा स्वीट्स (मस्जिद के पास), कान्हा स्वीट्स (बस स्टैंड के पास), दिलीप स्वीट्स एंड स्नैक्स और कान्हा रेस्टोरेंट (रेलवे ओवरब्रिज के पास) में औचक निरीक्षण किया। इसके अलावा छोटकी पोन्ना स्थित तेजस होटल और न्यू पिंटू होटल की भी जांच की गई। टीम के पहुंचते ही कई दुकानदार अपने स्टॉक और कागजात संभालते नजर आए।
जलेबी में मिला इंडस्ट्रियल रंग
जांच के दौरान एक होटल में जलेबी में इंडस्ट्रियल (औद्योगिक) रंग का इस्तेमाल पाया गया। यह रंग खाने के लिए सुरक्षित नहीं होता और सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। टीम ने मौके पर ही उस जलेबी को नष्ट करवा दिया और संबंधित संचालक को कड़ी चेतावनी दी। साथ ही बूंदी लड्डू, रसगुल्ला और खोया के नमूने लेकर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दो दुकानों पर जुर्माना
स्वच्छता और मानकों में कमी पाए जाने पर कान्हा स्वीट्स (बस स्टैंड, चित्तरपुर) और दिलीप स्वीट्स एंड स्नैक्स (बस स्टैंड, चित्तरपुर) पर 5-5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने साफ कहा कि नियमों का पालन नहीं करने पर आगे और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
साफ-सफाई पर खास जोर
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, लेबलिंग, एक्सपायरी डेट और साफ-सफाई की गहन जांच की। दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि:
- एक्सपायरी उत्पाद बिल्कुल न बेचें
- सभी खाद्य सामग्री पर सही लेबल लगाएं
- नियमित पेस्ट कंट्रोल कराएं
- स्टाफ एप्रन, ग्लव्स और हेडगियर पहनें
- साफ पानी से खाना तैयार करें
- सिंथेटिक और अनावश्यक रंगों का इस्तेमाल न करें
- FSSAI मानकों का पालन करें
ये अधिकारी रहे शामिल
जांच टीम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी अदिति सिंह, रामनाथ प्रसाद और लुकेश रवानी शामिल थे। टीम ने साफ कहा कि यह अभियान सिर्फ एक दिन का नहीं है। होली और रमज़ान तक लगातार छापेमारी और जांच जारी रहेगी।
विभाग का साफ संदेश
खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ शब्दों में कहा है कि त्योहार खुशियों के लिए होते हैं, बीमारी बांटने के लिए नहीं। मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई होगी और उपभोक्ताओं की सेहत से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें : आलीशान घरों के बीच बदबू से जूझता बचपन… जानें कहां

