अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ayodhya : रामनगरी अयोध्या के पूरा बाजार विकासखंड क्षेत्र में शनिवार सुबह खतरनाक हादसा हो गया। एक बेकाबू बोलेरो ने निजी स्कूल की टेंपो को टक्कर मार दी, जिसमें आठ बच्चे जख्मी हो गए। सभी बच्चों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उनकी हालत खतरे से बाहर है।
तेज रफ्तार बोलेरो ने टेंपो को मारा टक्कर
मिली जानकारी के अनुसार हादसा महाराजगंज थाना क्षेत्र में अयोध्या-अंबेडकर नगर मुख्य मार्ग के राजेपुर गांव के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्कूल टेंपो बच्चों को लेकर अपने स्कूल की ओर जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर टेंपो में जा घुसी। टक्कर लगते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण, दुकानदार और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
जख्मी बच्चों को अस्पताल में कराया भर्ती
थानेदार राजेश सिंह ने मीडिया को बताया कि सभी जख्मी बच्चों को CHC पूरा बाजार में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सिर में मामूली चोट आने के कारण पांच बच्चों को सीटी स्कैन के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। रिपोर्ट सामान्य आई और सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं। जख्मियों में मानवी (9), सृष्टि (9), सुमित (9), प्रियांशी (9), आयुषी (8), खुशबू (7), साहिल (9), जान्हवी (9) शामिल हैं। सभी राजेपुर की निवासी बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
बोलेरो चालक गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने बोलेरो चालक सचिन वर्मा (26), निवासी दरियाबाद, बाराबंकी को हिरासत में लिया है। थानेदार ने बताया कि आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और हादसे की पूरी जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : नेपाल की ऑर्केस्ट्रा डांसर को बिहार में लगी गो’ली, मचा तहलका



