अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ramgarh (Dharmendra Pradhan) : रामगढ़ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में टाटा मैजिक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा कुजू की कोरिया घाटी स्थित सरना चौक फोरलेन के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार दूध टैंकर की जोरदार टक्कर से टाटा मैजिक अनियंत्रित होकर आगे चल रही हाईवा में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और चालक वाहन के अंदर ही बुरी तरह फंस गया।
तेज रफ्तार टैंकर बना हादसे की वजह
मिली जानकारी के मुताबिक टाटा मैजिक (संख्या JH02BW2361) कोरिया घाटी की ओर से रामगढ़ की तरफ आ रही थी। उसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रहे एक दूध टैंकर ने मैजिक को जोरदार टक्कर मार दी। अचानक हुई इस टक्कर से चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। टक्कर के बाद मैजिक बेकाबू होकर आगे चल रही एक हाईवा के पीछे जा घुसी। लगातार दो टक्करों के कारण वाहन का केबिन पूरी तरह दब गया।
केबिन में फंस गया चालक, मौके पर ही मौत
हादसा इतना भयानक था कि टाटा मैजिक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। केबिन दब जाने के कारण चालक अंदर ही फंस गया और गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और चालक को बाहर निकालने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
पुलिस पहुंची मौके पर, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही कुजू ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक को वाहन से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि मृतक चालक रामगढ़ के दुसाध मोहल्ला का रहने वाला था।
परिवार में पसरा मातम
जैसे ही हादसे की खबर मृतक के घर पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले के लोग भी घर पहुंचकर परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।
कुछ देर तक बाधित रहा यातायात
हादसे के बाद कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित हो गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के कारण सड़क पर लंबी लाइन लग गई थी। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटवाया और यातायात को फिर से सामान्य कराया।
लोगों ने उठाई तेज रफ्तार पर लगाम की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि कोरिया घाटी और सरना चौक के आसपास अक्सर भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस इलाके में स्पीड कंट्रोल के लिए सख्ती से नियम लागू किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह के दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।
इसे भी पढ़ें : इश्क, शक और साजिश का नतीजा… विकास ह’त्याकांड… 12 घंटे के भीतर खुला राज



