अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Chaibasa : चाईबासा मंडल कारा के मुख्य गेट के पास हुई फायरिंग की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी का संबंध झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के गिरोह से बताया जा रहा है। रविवार को डीएसपी तरुण कुमार ने मी़िया को मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना 6 अक्टूबर 2024 को हुई थी, जब अज्ञात अपराधियों ने चाईबासा मंडल कारा के मुख्य गेट के पास अचानक फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी थी।
घटना के बाद दर्ज हुई थी प्राथमिकी
घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। सदर थाना में कांड संख्या 79/2024 दर्ज कर जांच शुरू की गई। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 और 27 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय अनुसंधान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। लगातार प्रयास के बाद पुलिस को इस मामले में अहम सुराग मिले।
समीर अंसारी उर्फ नसरू गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने इस कांड में शामिल समीर अंसारी उर्फ नसरू को गिरफ्तार कर लिया। वह पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के महुडंडवा गांव का रहने वाला है। उसके पिता का नाम स्वर्गीय जसीम अंसारी बताया गया है। डीएसपी के मुताबिक, समीर अंसारी पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ डाल्टनगंज के शहर थाना में भी आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।
पूछताछ में गैंग के अन्य सदस्यों का खुलासा
पुलिस पूछताछ में समीर अंसारी ने घटना में शामिल अन्य अपराधियों के नाम भी बताए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि इस फायरिंग की घटना में शामिल सभी आरोपी कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा के गिरोह से जुड़े हुए हैं। पुलिस अब बाकी आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
घटना में इस्तेमाल बाइक भी बरामद
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। फिलहाल पुलिस बाइक से जुड़े दस्तावेजों और उसके मालिक की भी जांच कर रही है।
आरोपी को भेजा गया न्यायिक हिरासत में
पुलिस ने समीर अंसारी उर्फ नसरू को रविवार 15 मार्च 2026 को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में शामिल बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा।
छापेमारी में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
इस पूरे मामले में की गई छापेमारी में सदर थाना प्रभारी सह डीएसपी तरुण कुमार के साथ एसआई उपेंद्र नारायण सिंह, श्रीकांत कुमार और सदर थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
इसे भी पढ़ें : सीएम हेमंत ने काटा ‘जोहारग्राम’ का फीता, आदिवासी पहनावे को मिला नया मंच



