अपनी मनपसंद भाषा में पढ़ें :
Ranchi : आने वाले ईद, सरहुल और रामनवमी पर्व को देखते हुए राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शुक्रवार को शहर के कई प्रमुख और संवेदनशील इलाकों में ड्रोन के जरिए निगरानी की गई। यह निरीक्षण कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान कोतवाली, सुखदेवनगर, डेली मार्केट और हिंदपीड़ी थाना क्षेत्र में निकलने वाले जुलूस और शोभायात्रा के संभावित रूट का बारीकी से जायजा लिया गया।
ड्रोन से संवेदनशील जगहों पर नजर
पुलिस टीम ने ड्रोन कैमरे की मदद से उन इलाकों की निगरानी की, जहां भीड़ ज्यादा रहती है या पहले संवेदनशील स्थिति बन चुकी है। इनमें हनुमान मंदिर, उर्दू लाइब्रेरी, लेक रोड, बड़ा तालाब, अंजुमन प्लाजा, एकरा मस्जिद, संग्राम चौक, पुरानी रांची, अपर बाजार और महावीर चौक शामिल हैं। ड्रोन से मिले लाइव फुटेज के आधार पर पुलिस ने भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग और सुरक्षा बलों की तैनाती की योजना बनाई।
जुलूस मार्गों की हुई जांच
पुलिस ने उन सभी रास्तों का निरीक्षण किया जहां से ईद, सरहुल और रामनवमी के जुलूस और शोभायात्राएं निकलेंगी। रास्तों की चौड़ाई, ट्रैफिक व्यवस्था और किसी भी संभावित बाधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अफसरों ने दिए जरूरी निर्देश
डीएसपी प्रकाश सोय ने संबंधित थाना प्रभारियों को साफ निर्देश दिया कि पर्व के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने, सीसीटीवी पर नजर रखने और लगातार पेट्रोलिंग करने को कहा गया है।
शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
पुलिस प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे पर्व को शांति और भाईचारे के साथ मनाएं। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं ताकि सभी लोग त्योहार को सुरक्षित माहौल में मना सकें।
इसे भी पढ़ें : राजधानी में ईद-सरहुल से पहले फ्लैग मार्च, लोगों को मिला सुरक्षा का भरोसा



